मथुरा में महिला बैंककर्मी को CM कोटे से IAS बनवाने का दावा करने वाले सपा नेता सैयद राजन अहमद रिजवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को कोतवाली पुलिस और SWAT टीम ने रविवार को अलीगढ़ के धर्रामाफी इलाके में दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
केस दर्ज होने के बाद से फरार था। वह अलीगढ़ में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था।
दरअसल, सपा नेता और अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव डॉ. राजन रिजवी 38 साल की महिला बैंक कर्मी को लगातार पेरशान कर रहा था। उसने वॉट्सऐप पर बार-बार मैसेज भेज रहा था। परेशान होकर बैंककर्मी ने 16 सितंबर को मथुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद सपा ने आनन-फानन में डॉ. राजन रिजवी को पद से हटा दिया था।
वहीं इस मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने बैठक कर नाराजगी जताई थी। संगठन के पदाधिकारियों ने महिला और उनके पति के साथ सीओ सिटी आशना चौधरी से मुलाकात की थी। कहा था कि एक्शन नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
सहायक पुलिस अधीक्षक बोलीं- बैंककर्मी के घर की रेकी भी की थी
सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी ने बताया कि राजन रिजवी महिला बैंक कर्मी को लगातार परेशान कर रहा था। उसका पीछा करने के साथ ही उसके घर की रेकी कर रहा था। बैंककर्मी का प्राइवेट नंबर किसी तरह लेकर आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा था।
महिला बैंक कर्मी की शिकायत पर कोतवाली में केस दर्ज किया गया। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए 2 टीमें गठित की गईं। आरोपी की तलाश में पुलिस और SWAT टीम लगी हुई थी।
बताया कि रविवार को सूचना मिली कि आरोपी अलीगढ़ में अपने रिश्तेदार के घर में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम अलर्ट हो गई। रविवार को कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने अलीगढ़ के थाना क्वारसी के गांव धर्रामाफी में दबिश दी।
पुलिस टीम ने उसे यहां से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राजन रिजवी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मॉर्निग वॉक के दौरान हुई मुलाकात
पीड़ित महिला मथुरा के एक सरकारी बैंक में कस्टमर सर्विस एसोसिएट है। पति मथुरा में ही वन विभाग में अफसर हैं। आरोपी सपा नेता डॉ. राजन रिजवी (45) का आवास वन विभाग ऑफिस के ठीक पास में है। वह पीएचडी डिग्री होल्डर है। फैज-ए-आम डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर है। लंबे समय से सपा में सक्रिय है। पहले नगर अध्यक्ष भी रह चुका है। पत्नी और एक बेटी है।
महिला ने बताया- मॉर्निंग वॉक के दौरान उनकी मुलाकात सपा नेता से हुई थी। इसके बाद वह आए दिन बैंक आकर घूरने लगा था। उसने प्राइवेट मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिया। बार-बार उसमें आपत्तिजनक मैसेज भेजने लगा। परेशान होकर मना किया तो वह आईएएस बनवाने का ऑफर देने लगा। नंबर ब्लॉक किया तो मेरी और मेरे पति की निजी जानकारी हासिल करने लगा।
महिला ने FIR में जो आरोप लगाए, वो पढ़िए…
बैंक कर्मी की शिकायत पर शहर कोतवाली में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत सपा नेता के खिलाफ FIR दर्ज की गई। महिला ने FIR में लिखा- बैंक में आने वाले ग्राहक राजन रिजवी के व्यवहार से मैं परेशान हूं। मुझे अपनी निजी जानकारी और सुरक्षा को लेकर चिंता है। जब भी वह बैंक आता था, लगातार मुझे देखता और आसपास रहने की कोशिश करता था।
मेरा मोबाइल नंबर भी उसके पास है, जबकि मैंने उसे कभी अपना नंबर नहीं दिया। उसने मेरे निजी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की और कुछ आपत्तिजनक और अनचाहे मैसेज भेजे। बाद में इनमें से कुछ मैसेज डिलीट कर दिए गए, लेकिन उनके स्क्रीनशॉट मेरे पास हैं। परेशान होकर मैंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।
मुझे जानकारी मिली कि वह रात 9:30 बजे मेरे आवास के आसपास देखा गया था। मेरे परिवार की गाड़ी, घर, कुक और ड्राइवर के बारे में भी जानकारी मांगी गई। इसके अलावा, बैंक के सामने खड़ी मेरी गाड़ी और मेरी कई बार तस्वीरें लिए जाने की जानकारी मिली। मेरे पति की नौकरी से जुड़ी जानकारी भी जुटाए जाने की बातें सामने आई हैं। इसमें उनके आने-जाने, सरकारी या निजी गाड़ी और दूसरी जानकारी शामिल है।
मुझे आशंका है कि मेरे पति से जुड़ी निजी जानकारी दूसरे लोगों तक पहुंची होगी और उसका इस्तेमाल उनके खिलाफ शिकायत या आरोप लगाने में किया गया होगा। मुझे यह जानकारी भी मिली है कि राजन रिजवी या उसके परिवार से जुड़ी कोई निजी सुरक्षा एजेंसी हो सकती है। मेरे पास मैसेज के स्क्रीनशॉट और दूसरे सबूत हैं।
मामले की जांच इन सबूतों, सुरक्षा कर्मियों और गवाहों के बयानों के आधार पर की जाए। मेरी शिकायत दर्ज कर जरूरी सुरक्षा व्यवस्था की जाए। भविष्य में मेरे या मेरे परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो राजन रिजवी की भूमिका की जांच करके कार्रवाई की जाए।
हिंदूवादी नेता बोलीं- सपा नेता की मानसिकता जिहादी
हिंदूवादी नेता छाया गौतम ने कहा- सपा का जिहादी मानसिकता का एक नेता लव जिहाद का शिकार बनाने के लिए यहां घूम रहा है। शादीशुदा महिला बैंककर्मी को फंसाने की कोशिश में है। इनकी हिम्मत देखिए, ये राजनीति कर रहे हैं, लेकिन राजनीति में भी इनकी मानसिकता कैसी है?
उन्होंने कहा- मैं तो अखिलेश यादव को कहना चाहती हूं कि ऐसे लोगों को निकाल के भगा दे, नहीं तो नाश तो वैसे ही हो गया है, ऐसे लोग और पार्टी का सत्यानाश करा देंगे। ये हिंदू-मुस्लिम करने वाले लोग महिलाओं को शिकार बनाते हैं।