पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट शनिवार को जगराओं के गिद्दड़विंडी गांव पहुंचेंगे। यहां वह कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह के परिवार से मिलकर दुख साझा करेंगे। सूचना है कि सचिन पायलट आज भैणी साहिब में भी नतमस्तक होंगे।
सचिन पायलट के साथ जगराओं के हलका इंचार्ज और पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा भी मौजूद रहेंगे। उनके अलावा कांग्रेस नेता करनजीत सोनी गालिब, ब्लॉक प्रधान नवदीप सिंह गरेवाल और मनी गर्ग भी शामिल होंगे।
पायलट का यह दौरा संवेदना व्यक्त करने के साथ-साथ पंजाब कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों की नजरें इस पर टिकी हैं।
गोली मारकर हुई थी तेजपाल सिंह की हत्या
तेजपाल सिंह की हत्या पिछले साल 31 अक्टूबर को जगराओं में हुई थी। बदमाशों ने दोपहर करीब 2:50 बजे एसएसपी कार्यालय से सिर्फ 250 मीटर दूर उनकी छाती में गोली मार दी थी। इस घटना ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
एक पंथ, दो काज रणनीति पर काम कर रहे पायलट
सचिन पायलट का पंजाब दौरा केवल संवेदना मुलाकातों तक सीमित नहीं माना जा रहा। राजनीतिक हलकों में इसे कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों के बीच तालमेल बढ़ाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पायलट पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रधान एवं लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के गुट से जुड़े नेताओं के साथ भी संपर्क और नजदीकियां बढ़ा रहे हैं।
आपसी तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही
सूत्रों की मानें तो इन मुलाकातों में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, पार्टी की मौजूदा संगठनात्मक स्थिति और नेताओं के बीच आपसी तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस के लिए चुनाव से पहले अपने संगठन को एकजुट करना बड़ी चुनौती है। ऐसे में पायलट की अलग-अलग नेताओं से मुलाकातों को पार्टी के भीतर समीकरण साधने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।