शारदीय नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जा रही है। आज सातवें दिन देवी कालरात्रि की पूजा होगी। वेदोक्त मंत्रोचार के साथ माता का पट खोला जाएगा।
ज्योतिषाचार्य राकेश झा ने पंचागों के हवाले से बताया कि आज शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि में माता दुर्गा का पट मूल नक्षत्र और पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र के युग्म संयोग तथा रवियोग में खुलेगा।
पटना में बोरिंग रोड, बेली रोड से लेकर एतवारपुर तक बड़े-बड़े भव्य पंडाल बने हैं, जिनको कई मंदिरों की थीम पर बनाया गया है।
एतवारपुर में पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया गया है। इसकी ऊंचाई 121 फीट और चौड़ाई 120 फीट है। करीब 80 कारीगर ने मिलकर पंडाल को बनाया है।
वहीं, डाकबंगला चौराहा पर इस बार खजुराहो मंदिर की थीम पर पंडाल बना है। बोरिंग कैनाल रोड स्थित हिमगिरी चौराहा के पास इस बार करीब 100 फीट ऊंचा और 150 मीटर लंबा शिवलिंगनुमा पंडाल बना है।
डाकबंगला में खजुराहो मंदिर का स्वरूप
डाकबंगला चौराहा पर इस बार खजुराहो मंदिर की थीम पर पंडाल तैयार हुआ है। इसकी ऊंचाई करीब 80 फीट और चौड़ाई 55 फीट है। पूजा समिति के अध्यक्ष संजीव प्रसाद टोनी के अनुसार पंडाल का निर्माण पश्चिम बंगाल के कांथी के डेकोरेटर ने किया है। इसकी डिजाइन कोलकाता आर्ट कॉलेज के कलाकार रितेश चटर्जी ने तैयार की है।
बोरिंग कैनाल रोड स्थित हिमगिरी चौराहा के पास इस बार करीब 100 फीट ऊंचा और 150 मीटर लंबा शिवलिंगनुमा पंडाल तैयार किया गया है। इसे करीब 20 हजार घंटियों से सजाया गया है।
वहीं, पुनाईचक में यूरोप के रॉयल पैलेस के तर्ज पर पंडाल का निर्माण किया गया है। इसकी ऊंचाई 120 फीट और चौड़ाई 50 फीट है। बंगाल से आए 22 कारीगर ने इसका निर्माण किया है।
बेली रोड स्थित खाजपुरा शिव मंदिर के पास इस बार कैलाश पर्वत की तर्ज पर भव्य पंडाल बनाया गया है। इस पंडाल की ऊंचाई और चौड़ाई दोनों 55 फिट है। इस पंडालनुमा पर्वत को रावण हाथ से उठाते नजर आएंगे, जिसका वध एक तरफ से भगवान राम और दूसरे तरफ से हनुमान जी करते दिखेंगे। मीठापुर नहर स्थित डॉ. अनीता सिंह अस्पताल के पास इस बार दक्षिणेश्वरी काली मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया है।
आज से शुरू चार दिवसीय विशेष पूजा
आचार्य राकेश झा ने कहा, आज दिन में पत्रिका प्रवेश होगा। कल 18 अक्टूबर रविवार को महाष्टमी में माता महागौरी की पूजा के साथ श्रृंगार पूजा भी किया जाएगा।
19 अक्टूबर सोमवार की सुबह 08:04 बजे तक अष्टमी तिथि विद्यमान रहेगी। इसलिए रविवार को अष्टमी का व्रत करने वाले श्रद्धालु सोमवार की सुबह 08:04 बजे के बाद पारण करेंगे।
कालरात्रि की पूजा से दूर होंगे दुःख व भय
ज्योतिषी झा के मुताबिक, मां कालरात्रि की आराधना विशेष फलदायी होती है। देवी अपने उपासकों को काल से बचाती हैं अर्थात उनकी अकाल मृत्यु नहीं होती। इनके नाम के उच्चारण मात्र से ही भूत, प्रेत, राक्षस और सभी नकारात्मक शक्तियां दूर भागती हैं।
मां कालरात्रि दुष्टों का विनाश, ग्रह-बाधाओं, शत्रुओं से भी छुटकारा दिलाती है। इनके उपासक को अग्नि-भय, जल-भय, जंतु-भय, शत्रु-भय, रात्रि-भय नहीं होता है।
17 से 20 अक्टूबर तक डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक
बेली रोड, राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे और आसपास की व्यवस्था, सगुना मोड़ से पटना एयरपोर्ट जाने वाले वाहन रुकनपुरा, राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे, जगदेव पथ और बीएमपी होते हुए जा सकेंगे।
सगुना मोड़ से हड़ताली मोड़ और आयकर गोलंबर जाने वाले वाहन रुकनपुरा से राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से जा सकेंगे। सगुना मोड़ से दीघा, राजीव नगर और पाटलिपुत्र जाने वाले वाहन आशियाना मोड़ से बाएं मुड़कर आशियाना-दीघा रोड से जा सकेंगे।
राजीव नगर और दीघा से हड़ताली चौक जाने वाले वाहन
आशियाना-दीघा रोड से राजीव नगर नाला के किनारे वाली सड़क, केशरी नगर, राजीव नगर आरओबी के नीचे से अटल पथ होते हुए जा सकेंगे। दूसरा रास्ता रामनगरी मोड़, फ्रेंड्स कॉलोनी रोड, एजी कॉलोनी रोड, आईजीआईएमएस के बगल और जेडी विमेंस कॉलेज होते हुए बेली रोड से जा सकेंगे।
राजीव नगर और दीघा से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन आशियाना-दीघा रोड पर पासपोर्ट ऑफिस से मौर्या पथ, अंबेडकर पथ और बेली रोड होते हुए जा सकेंगे। राजीव नगर और दीघा से एयरपोर्ट जाने वाले वाहन राजीव नगर नाला के किनारे वाली सड़क, केशरी नगर, राजीव नगर आरओबी के नीचे और अटल पथ होते हुए जा सकेंगे।
डुमरा टीओपी से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन छोटी गाड़ियां बेली रोड पर डुमरा टीओपी तक जाएंगी। वहां से बाएं मुड़कर एयरपोर्ट, बीआईटी और फुलवारीशरीफ/जगदेव पथ की ओर जा सकेंगी।
डुमरा टीओपी से राजीव नगर, दीघा, आशियाना नगर, एजी कॉलोनी और समनपुरा जाने वाले वाहन बेली रोड पर पिलर नंबर 91 से दाएं यू-टर्न लेकर जेडी विमेंस कॉलेज और आईजीआईएमएस के बगल से एजी कॉलोनी रोड होते हुए आशियाना-दीघा रोड जा सकेंगे। हड़ताली चौक से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन हड़ताली चौक से सीधे राजवंशी नगर, चिड़ियाखाना और बेली रोड फ्लाईओवर के ऊपर से जा सकेंगे।
मालवाहक और भारी वाहनों पर प्रतिबंध
17 से 20 अक्टूबर तक पटना नगर निगम क्षेत्र में मालवाहक और यात्री वाहनों, जैसे बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टाटा 407 का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध सरकारी, गैरसरकारी, अर्धसरकारी और निजी सभी प्रकार के वाहनों पर लागू होगा। 21 अक्टूबर तक मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
दानापुर से अशोक राजपथ बड़े वाहन अशोक राजपथ में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। ये वाहन दानापुर कैंट से सगुना मोड़ होते हुए खगौल-दानापुर स्टेशन की ओर जा सकेंगे। दानापुर स्टेशन से बिहटा जाने वाले भारी वाहन नेउरा होते हुए बिहटा और आरा की ओर जाएंगे।