पटना-बहू से अफेयर में चाचा ने भतीजे की हत्या की:6 गोलियां मारीं, पिता बोले- पूरा परिवार शामिल; बेटे ने बहुत समझाया, उसके मायके में घर बनवाया

पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में चाचा ने अपने ही भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे छह गोलियां मारी गई हैं। जो युवक के सिर, पैर, जांघ और पेट में लगी।

वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। गोली मारने के बाद आरोपी ललन शर्मा मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान दीपक कुमार (30) के तौर पर हुई है।

जानकारी के मुताबिक, दीपक और उसके चाचा ललन शर्मा के बीच चार साल से विवाद चल रहा था। घटना बभनपुरा गांव की है।

ललन शर्मा की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति का भतीजे की पत्नी से नाजायज संबंध था। इसी बात पर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। दोनों एक-दूसरे को गोली मारना चाहते थे। मेरे पति ने ही उसको गोली मारी है।

आरोपी की पत्नी बोली- मेरे पति ने मारा है

आरोपी ललन कुमार फिलहाल फरार है। आरोपी बिल्डर है और जमीन का कारोबार करता था। आरोपी की पत्नी शोभा देवी और उनकी बेटी को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लेकर थाना ले गई है।

मृतक के पिता बोले- बहू के मायके में घर तक बनवाया

मृतक के पिता विन्ध्याचल शर्मा ने बताया, ‘सुबह मैं घर पर नहीं था। आया तो पता चला कि मेरे बेटे की हत्या हो गई। ललन शर्मा और उसके दामाद रवि ने छह गोली मारी हैं।

हमलोग छह भाई हैं। ललन चौथे नंबर का भाई है। उसकी पत्नी शोभा देवी और रवि की पत्नी आरती भी इसमें शामिल है। सबने मिलकर मारा है। आपसी विवाद तो अपने में होता ही है। ऐसा कोई विवाद नहीं था। मेरे लड़के से विवाद था। कहता था ससुर से अवैध संबंध अच्छी बात नहीं है, लोग क्या कहेंगे।’

जमीन को लेकर भी झगड़ा था

वहीं, दूसरी ओर दीपक की मां का कहना है कि ललन शर्मा (55) ने मेरे बेटे और बहू से सड़क किनारे की कीमती जमीन को धोखे से लिखवा ली थी।

विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट करता था। आज सुबह भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।

पिस्टल से मारी गई गोली- ASP

फुलवारी शरीफ के ASP नारायण उपाध्याय ने बताया, सुबह 7 बजे के करीब हत्या की सूचना मिली दीपक कुमार की हत्या उसके चाचा ने कर दी है। मृतक के पिता का बयान दर्ज हो गया है।

उनका कहना है कि आरोपी और मृतक की पत्नी के बीच संबंध था। इस बात को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। मौके से 6 खोखे मिले हैं। पिस्टल से गोली चली है। आरोपी की पत्नी और बेटी को हिरासत में लिया गया है।

मौके से छह खोखे बरामद

खबर मिलते ही फुलवारीशरीफ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी ललन शर्मा बिल्डर का काम करता है।

पुलिस सबूत इकट्ठा कर जांच कर रही है। हत्या की असली वजह और इस्तेमाल हथियार का पता लगाया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।