देवास जिले के राजोदा गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसमें 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से 11 लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जवारा विसर्जन के दौरान 5-6 लोग कुएं में नहाने के लिए कूदे थे। कुएं के ठीक ऊपर मधुमक्खियों का छत्ता लगा था।
नहाने के दौरान पानी के छींटे छत्ते तक पहुंचे, जिससे मधुमक्खियां भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
खुद को बचाने 2 किमी तक भागे लोग
घायल संतोष पाटीदार ने बताया कि जवारे लेकर लोग कुएं के पास बैठे थे। इसी दौरान कुछ लोग नहाने के लिए कुएं में कूदे। पानी के छींटे पीपल के पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंचे, जिसके बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
शुरुआत में लोगों को लगा कि मधुमक्खियां कुछ देर में चली जाएंगी, लेकिन हमला बढ़ता गया। इसके बाद लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। कुछ लोग करीब 2 किलोमीटर तक दौड़े। उन्होंने नीम की डालियों और हाथों से मधुमक्खियों से खुद को बचाने की कोशिश की।
संतोष ने बताया कि हमले के बाद उन्होंने खुद को और दूसरे लोगों को नेट ओढ़ाकर बचाया। करीब 15 मिनट तक वे नेट के अंदर बैठे रहे। इस दौरान ऊपर मधुमक्खियां मंडराती रहीं और लोग डर के कारण बाहर नहीं निकले।