हरियाणा BJP को स्मृति ईरानी का टास्क:3 महीने में हर बूथ पर बनेगी 11 सदस्यीय समिति, दिन भर बैठकों का दौर चलेगा

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के हरियाणा दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दौरे के तहत स्मृति ईरानी वीरवार रात को हरियाणा के सीएम हाउस पहुंचीं, जहां उन्होंने सीएम नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्रियों और पूर्व मंत्रियों के साथ डिनर पर खास चर्चा की।

करीब 25 प्रमुख नेताओं के लिए आयोजित इस डिनर के दौरान स्मृति ईरानी ने सरकार के कामकाज की शैली और धरातल पर उसकी स्थिति को समझा। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर हरियाणा सरकार की योजनाओं, नीतियों और जनता के बीच सरकार के फीडबैक पर विस्तार से चर्चा की।

डिनर के दौरान सीएम-प्रदेशाध्यक्ष के अलावा केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली को भी मौजूद रहे।

कोर ग्रुप से बैठक से दूसरे दिन की शुरूआत

दौरे के दूसरे दिन (23 अक्टूबर) सुबह भाजपा कोर ग्रुप की शीर्ष स्तरीय बैठक होगी। इसके बाद सीएम, केंद्रीय मंत्रियों (मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह), राज्य के कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ संयुक्त बैठकों का दौर जारी है। दौरे का अंतिम पड़ाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (विचार परिवार) के प्रतिनिधियों के साथ तालमेल बैठक रहेगा।

अब जानिए, प्रभारी ने संगठन को दिए टास्क

  • 3 महीने में बूथ समिति का पुर्नगठन :हरियाणा भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक धार देने के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। पार्टी अगले 3 महीनों के भीतर प्रदेश के हर बूथ पर 11 सदस्यीय समिति का गठन और पुनर्गठन करेगी। इसके साथ ही हर बूथ पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति अनिवार्य की जाएगी।
  • वरिष्ठ नेता करेंगे रात्रि प्रवास : संगठन को जमीनी स्तर पर कसने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारी अब जिलों में डेरा डालेंगे और रात्रि प्रवास करेंगे, ताकि पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद साधा जा सके। संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों, महामंत्रियों और जिला प्रभारियों के नियमित प्रवास तय किए गए हैं।
  • हर कार्यकर्ता को मिले जिम्मेदारी : पार्टी का लक्ष्य है कि कोई भी कार्यकर्ता बिना जिम्मेदारी के न रहे और हर काम के लिए व्यक्ति तय हो। पार्टी चाहती है कि कोई भी कार्यकर्ता उपक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। हर वर्कर को खास वाली फीलिंग दी जाएगी।