मोगा में गैंगवार के चलते अंधाधुंध फायरिंग हुई। काले रंग की स्कॉर्पियो में आए हथियारबंद हमलावरों ने 4 युवकों पर गोलियां बरसा दीं। इस दौरान चारों गंभीर घायल हो गए, जिनमें से 2 युवकों की मौत हो गई। जांच में हमले की वजह रंजिश बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अंगदपुरा मोहल्ले के निवासी साहिल जिंदल उर्फ लंबी, गगन, राघव और गोरा रविवार शाम लगभग 7:15 बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। इस दौरान स्कॉर्पियो आकर रुकी, जिसमें सवार युवकों के पास हथियार थे। उन्होंने पहले पता पूछा और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
2 की हालत नाजुक, ICU में भर्ती गोलियां लगते ही चारों युवक लहूलुहान होकर गिर गए और हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गगन को मृत घोषित कर दिया। गोली लगने से घायल राघव और गोरा की हालत नाजुक है। उनका ICU में इलाज जारी है। देर रात साहिल जिंदल ने लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
एसएसपी सरताज सिंह चाहल घटनास्थल पर पहुंचे वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी सरताज सिंह चाहल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर अपने कब्जे में ले लिए, ताकि हमलावरों की गाड़ी और उनकी पहचान की जा सके।
आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस टीमें गठित एसएसपी चाहल ने बताया कि आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।