चित्रकूट में दिवाली पर दिये जलाकर लौट रहे 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मरने वालों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। 12 लोग गंभीर घायल हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 20 लोग सवार थे। दिवाली मनाने के बाद वापस मध्य प्रदेश के रीवा और प्रयागराज जा रहे थे।
रास्ते में अचानक ट्रॉली चलते ट्रैक्टर से अलग हो गई और बेकाबू होकर पलट गई। ट्रॉली में बैठे लोग दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। ट्रॉली में बैठी कुछ महिलाएं किसी तरह पास के गांव पहुंचीं और मदद के लिए कुछ लोगों को लेकर आईं।
ग्रामीणों ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को खींचकर बाहर निकाला। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को CHC रामनगर पहुंचाया, जहां 4 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मरने वालों में रीवा के शिववास (7), प्रयागराज के त्रिवेणी (40), नन्हें (6) और राधे कृष्ण (52) शामिल हैं। 5 को गंभीर हालत देखकर प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। हादसा जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर मऊ तहसील के रामनगर कस्बे में रविवार रात 2:30 बजे हुआ।
अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए-
पुलिस के मुताबिक, रीवा और प्रयागराज के 25 लोग रविवार शाम को चित्रकूट में दीपावली पर लगने वाले मेले में आए थे। सभी लोग दीप जलाकर पूजा पाठ करने के बाद वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर पर 5 लोग सवार थे, जबकि ट्रॉली में बच्चों समेत 20 लोग बैठे थे।
तभी रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में नहर के पास अचानक ट्रैक्टर से ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक निकल गया। जिससे ट्रैक्टर करीब 50 मीटर आगे निकल गया। जबकि, ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
हादसे के बाद कुछ महिलाएं घायल हालत में निकलकर रामनगर में बस्ती में पहुंचीं और शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। ग्रामीणों की सूचना पर रैपुरा थाना प्रभारी राम सिंह और सीओ राजापुर पुलिस बल के साथ पहुंचे और बचाव काम कराया।
मृतकों में रीवा के एक, प्रयागराज के 3 लोग
सूचना पर डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सीएमओ महेंद्र त्रिपाठी सीएचसी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी अरुण ने बताया कि मृतकों में एक रीवा के मझिगंवा थाना के चाकघाट और 3 प्रयागराज के ऊंचागांव के रहने वाले हैं।