जालंधर-लुधियाना की हवा सांस लेने लायक नहीं:अमृतसर-पटियाला में भी एयर क्वालिटी खराब, चंडीगढ़ कम प्रदूषित; पटाखे से इकलौते बेटे की मौत

पंजाब में दीपावली पर पटाखे जलाने और पराली को आग लगाने के बाद एयर क्वालिटी बेहद खराब हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सोमवार (9 नवंबर) सुबह 8 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, मंडी गोबिंदगढ़ 382 AQI के साथ राज्य का सबसे प्रदूषित शहर रहा।

जालंधर 327 और लुधियाना 306 AQI के साथ प्रदूषण के मामले में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इन तीनों शहरों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब दर्ज की गई, जिसमें लगातार सांस लेना बीमार कर सकता है। खन्ना में AQI 274, अमृतसर में 244 और पटियाला में 201 दर्ज हुआ। वहीं, चंडीगढ़ की हवा अपेक्षाकृत साफ रही। यहां AQI 134 दर्ज किया गया।

लुधियाना में दीपावली के दिन पटाखा जलाने से एक किशोर की मौत हो गई। पटाखा उसकी गर्दन के पास फट गया था, जिससे उसकी जान चली गई। नई आबादी में अकालगढ़ का रहने वाला 14 वर्षीय गगन इकलौता बेटा था।

दिवाली सेलिब्रेशन: गोल्डन टेंपल में आतिशबाजी, कंगना ने फुलझड़ी जलाई

पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल में दिवाली धूमधाम से मनाई गई। शाम होते ही लोगों ने घरों में दीप जलाए और रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की। अंधेरा होते ही पटाखे फोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया। आसमान आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा।

कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान एवं सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू समेत कई नेताओं ने परिवार के साथ दिवाली मनाई। वहीं, हिमाचल के मंडी से BJP सांसद कंगना रनोट हाथ में फूलझड़ी लेकर घूमती नजर आईं।