दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, AQI 478 तक पहुंचा:जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में बर्फबारी; राजस्थान में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट

दिल्ली-NCR में ठंड के साथ प्रदूषण भी बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह दिल्ली यूनिर्सिटी के आसपास AQI 478 और ITO इलाके में 455 दर्ज किया गया है। शहर में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। घने स्मॉग के कारण विजिबिलिटी भी कम हो गई है।

दिल्ली शुक्रवार को पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया। गुरुग्राम में AQI 388, गाजियाबाद में 338 और नोएडा में 311 रहा।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का असर अब दूसरे राज्यों में भी दिखने लगा है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और सुबह धुंध छाने लगी है।

मध्य प्रदेश में गुरुवार रात राज्य के 20 शहरों में पारा 15°C से नीचे दर्ज किया गया। यूपी में शुक्रवार सुबह लखनऊ, कानपुर समेत 20 शहरों में कोहरा छाया रहा। प्रदेश में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। हरदोई में सबसे कम 13°C तापमान दर्ज किया गया।

राजस्थान में अगले 2 दिन आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश की संभावना है। 3200 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। शुक्रवार सुबह केदारनाथ में पारा -8°C, बद्रीनाथ में -7°C, गंगोत्री में -12°C और यमुनोत्री में -7°C दर्ज किया गया।

देश के 18 शहरों में हवा बहुत खराब, इनमें 9 हरियाणा के

देश के 18 शहरों में औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 301 से 400 के बीच दर्ज किया गया। इनमें हरियाणा के 9, उत्तर प्रदेश के 5, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु का 1-1 और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली शामिल है।

गुरुग्राम का पंचगांव सबसे प्रदूषित रहा। वहीं, 50 शहरों में एक्यूआई 201 से 300 के बीच ‘खराब’ श्रेणी में रहा। पंचकूला में एक्यूआई सबसे कम 79 रहा।

दिल्ली-एनसीआर में जमीन से आसमान में करीब 1000 मीटर तक प्रदूषण की परत बनी हुई है। हरियाणा में 23 शहरों में हवा का स्तर ‘बहुत खराब’ या ‘खराब’ रहा।