अलीबाबा के फाउंडर जैक मा टोक्यो में:2021 में आखिरी बार चीन में दिखे थे, कम्युनिस्ट सरकार की आलोचना से शुरू हुई थी ‘मा’ की तबाही

चीनी सरकार की आलोचना के बाद से गायब ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा के फाउंडर जैक मा टोक्यो में हैं। फाइनेंशियल टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में ये दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वो अपने आप को काफी लो प्रोफाइल रखते हैं। उनके ठिकाने के बारे में जानने वाले लोगों ने बताया कि वह अपने साथ पर्सनल शेफ और सिक्योरिटी भी लेकर आए थे।

जापान के मॉडर्न आर्ट सीन से जुड़े लोगों ने कहा कि मा एक एंथोसिएस्टिक कलेक्टर बन गए हैं। मा के करीबी दोस्तों ने कहा कि वह समय गुजारने के लिए वाटर कलर पेंटिंग की ओर मुड़ गए हैं।

चीनी सरकार ने रोक दिया था मा का IPO
आलोचना के बाद चीनी सरकार ने मा की एक और कंपनी एंट ग्रुप के दुनिया के सबसे बड़े 37 बिलियन डॉलर के IPO को रोक दिया गया था। कंपनी पर 2.8 बिलियन डॉलर का एंटी ट्रस्ट फाइन लगाया गया था। इस पूरे घटनाक्रम के बाद मा गायब हो गए थे। नवंबर 2020 में उन्होंने आखिरी ट्वीट किया था। हालांकि, 2021 में उनका एक वीडियो सामने आया था।

किस्सा उस मीटिंग का, जहां से बात बिगड़ी
जैक मा 24 अक्टूबर 2020 को एक मीटिंग के दौरान निशाने पर आए थे। इस मीटिंग में चीनी राजनीति और अर्थव्यवस्था के सबसे बड़े अधिकारी पहुंचे हुए थे। इसमें जैक मा ने चीनी बैकों की आलोचना की। वे बोले, ‘बैंक, फंडिंग के लिए कुछ गिरवी रखने की मांग करते हैं। इससे नई तकनीकों को फंड नहीं मिल पाता और नए प्रयोग रुकते हैं।’

उन्होंने चीनी नियमों को भी राह में रोड़ा अटकाने वाला बताया। वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, जैक मा की कही बातों के बारे में जब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को जानकारी मिली तो वे बहुत गुस्सा हुए और उन्होंने जैक मा को सीन से गायब करने का आदेश दे दिया।

इस तरह लिखी गई जैक मा की तबाही की कहानी

  • पहले चीन ने अक्टूबर 2020 में जैक मा के एंट ग्रुप के 37 बिलियन डॉलर यानी करीब 2.7 लाख करोड़ रुपए के IPO को रोक दिया। फिर कुछ दिनों बाद ही चीन ने ‘एंटी ट्रस्ट नियम’ बना दिए। इनके तहत अलीबाबा के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई। इससे अलीबाबा के मार्केट कैप में 10 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की गिरावट आ गई थी।
  • जैक मा को सबक सिखाने के लिए चीन इस हद तक गया कि उसकी सेंट्रल बैंक ने एंट ग्रुप के अफसरों से अपने पूरे बिजनेस को नए नियमों के हिसाब से रजिस्टर करने को कह दिया ताकि क्रेडिट, इंश्योरेंस और मनी मैनेजमेंट से जुड़ी गड़बड़ियों को दूर किया जा सके। किसी गड़बड़ी की स्थिति में कंपनी के अधिकारियों की सीधी जिम्मेदारी भी तय की गई।
  • क्वार्टज के मुताबिक, दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी में से एक को री-स्ट्रक्चर करने की यह कोशिश इसे कर्ज में डुबो देगी। फिर भी एंट ग्रुप के अधिकारी इससे इनकार नहीं कर सके।

दुनियाभर में सुपरस्टार थे जैक मा, यही छवि दुश्मन बनी
जैक मा के ई-कॉमर्स और फिनटेक बिजनेस तय करते थे कि चीन के लोग किस तरह शॉपिंग करेंगे, कैसे खर्च करेंगे और कैसे बचत करेंगे। चीनी टेक्नोलॉजी के चेहरे और चीन के अघोषित दूत के तौर पर जैक मा दुनियाभर में मशहूर थे। जैक मा की अंग्रेजी पर पकड़ और सबसे मेलजोल रखने वाली शख्सियत ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। यूट्यूब पर उनके वीडियो वायरल हुए।

जैक दावोस जैसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में लगातार जाते थे और नेताओं की तरह भाषण देते थे। कभी कंपनी के इवेंट में माइकल जैक्सन जैसे कपड़े पहनकर डांस करते थे, तो कभी शॉर्ट फिल्म में अपने कुंग-फू कौशल का प्रदर्शन करने लगते थे। क्वार्ट्ज के मुताबिक, जैक मा बहुत पॉपुलर हो गए थे। चीन के सुप्रीम लीडर शी जिनपिंग से ज्यादा चर्चा भी उनके लिए खतरा बनी।