पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के देहांत के बाद खाली हुई मैनपुरी की लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करने के बाद पहली बार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ सांसद डिंपल यादव मथुरा पहुंची। ठा. बांके बिहारी मंदिर में 56 भोग लगाया। पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लेने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए अखिलेश ने भाजपा और बसपा की घेराबंदी की।
मैं बचपन से यहां आया, अब आता हूं तो पूछते हैं कि कितनी बार आए
उन्होंने कहा कि नेताजी के देहांत के बाद लोगों ने डिंपल को रिकॉर्ड मतों से सांसद बनाया। हम आभारी हैं। मैं बचपन से वृंदावन आता रहा हूं, मगर अब आता हूं तो लोग पूछते हैं कि कितनी बार आए आप? ये उन्होंने एक शख्स के सवाल पर हंसते हुए कहा था। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है। लोगों को उनकी स्ट्रैटजी को समझना होगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पत्नी डिंपल यादव के साथ अचानक रविवार की देर शाम वृंदावन पहुंचे। उन्होंने भगवान बांके बिहारी को 56 भोग की 21 डलिया अर्पित की।
बांके बिहारी मंदिर पहुंचे अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना की। मंदिर के सेवायत गोपी गोस्वामी और श्री नाथ गोस्वामी ने उनको पूजा अर्चना कराई। इस दौरान अखिलेश यादव ने भगवान बांके बिहारी के समक्ष 5 दीपक सवा सवा किलो घी के भी जलाए। इसके भगवान बांके बिहारी को माला अर्पित की गई।
‘जो मांगने आता हूं, बांके बिहारी के सामने आ कर भूल जाता हूं’
भगवान बांके बिहारी के दर्शन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से जब सवाल पूछा गया कि उन्होंने भगवान से क्या मांगा? इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह जो मांगने आते हैं भगवान बांके बिहारी के सामने पहुंचते ही भूल जाते हैं। कहा कि वह बचपन से वृंदावन आ रहे हैं लेकिन तब लोग उनको नहीं पहचानते थे। अब वह आते हैं तो लोग गिनती करते हैं कि कितनी बार आ गए।
‘ब्रज ने लोगों को जोड़ा, भाजपा नफरत फैलाने वाली पार्टी’
अखिलेश यादव ने कहा कि इस धरती ने लोगों को जोड़ा, भाजपा नफरत फैलाने वाली पार्टी है। इस धरती ने प्रेम और प्रेम का संदेश दिया है। प्रभु श्री कृष्ण का यही संदेश रहा लोग जुड़े आपस में प्रेम से रहें लेकिन भारतीय जनता पार्टी का रास्ता अलग है वह नफरत कर राजनीति करना चाहती है। वो कुछ लोगों को अमीर बनाना चाहते हैं और सब को गरीब बनाना चाहते हैं।
‘वोट के वक्त रिफाइंड-चना दे रहे थे, अब सब गायब’
जिस समय वोट चाहिए था चना दे रहे थे, रिफाइंड दे रहे थे, गेहूं दे रहे थे। वोट मिल गया सब साफ कर दिया। मैनपुरी और खतौली में नाराजगी देखी और उन्होंने रामपुर में तो बेइमानी की। अधिकारियों को लगाकर फोर्स लगाकर वोट नहीं पड़ने दिया और जीत गए। समय आता है खराब लोग हमेशा रहे धरती पर। बसपा सुप्रीमो के बयान पर कहा कि वह मायावती पर कुछ नहीं कहेंगे। लेकिन बसपा रास्ते से भटक गई है। अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के साथ साथ रहने पर कहा कि साथ रहेंगे और आने वाले समय में साथ रहेंगे।
‘ GST के छापो से सिर्फ व्यापारी परेशान’
उत्तर प्रदेश में GST के पड़ रहे छापों को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि इन छापों के जरिए व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। व्यापारियों ने जिस दिन साथ छोड़ दिया उस दिन भाजपा जीरो पर आ जायेगी। निकाय चुनाव को लेकर सपा मुखिया ने कहा कि जहां जहां भाजपा के मेयर हैं वहां वहां डेंगू है जहां नगर पालिका अध्यक्ष हैं वहां गंदगी है। कूड़े का अभी तक कोई निस्तारण नहीं कर पाए। यही यमुना नदी साफ होनी थी सपा ने एक रास्ता निकाला था रिवर फ्रंट का। इन लोगों ने उस पर काम आगे नहीं बढ़ाया।
‘बांके बिहारी जी का आशीर्वाद लेने आए हैं’
मैनपुरी में मिली जीत पर डिंपल यादव ने कहा कि वह बांके बिहारी जी का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह आभारी हैं, उन्होंने नेताजी का सम्मान किया उनकी जिसकी वजह से बड़ी जीत मिली। डिंपल यादव ने कहा कि डेढ़ वर्ष का समय है। एक रोड मैप बनाकर क्षेत्र का विकास करेंगे।