कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते आज यानी बुधवार (22 फरवरी 23) को शेयर बाजार में गिरावट देखी जा रही है। सेंसेक्स करीब 450 अंक टूटकर 60,200 के करीब ट्रेड कर रहा है। निफ्टी भी करीब 140 अंक नीचे है। ये 17,700 के करीब कारोबार कर रहा है। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग और IT स्टॉक्स सबसे आगे हैं। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट है।
निफ्टी के टॉप लूजर में अडाणी एंटरप्राइजेज है। ये 7% से ज्यादा टूटा है। अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में गिरावट है। अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस, और विल्मर में 5-5% की गिरावट है। NDTV भी 4% नीचे हैं। वहीं ग्रुप के सीमेंट स्टॉक ACC में 1.5% और अंबुजा सीमेंट में 2% की गिरावट है। अडाणी पोर्ट्स का शेयर भी करीब 2% नीचे ट्रेड कर रहा है।
ग्रुप का मार्केट कैप 100 बिलियन डॉलर से नीचे पहुंचा
शेयरों में लगातार गिरावट के चलते अडाणी ग्रुप का मार्केट कैपिटलाइजेशन गिरकर 100 बिलियन डॉलर से भी नीचे पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रुप की 10 कंपनियों का मार्केट कैप मंगलवार को गिरकर 8,20,915 करोड़ रुपए रह गया है।
इतना ही नहीं फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, गौतम अडाणी की नेटवर्थ सिर्फ 46.7 बिलियन डॉलर रह गई है। अडाणी को बीते 24 घंटे में 2.9 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। अब वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 26वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
मंगलवार को अडाणी ग्रुप के 6 शेयरों में गिरावट और 4 में तेजी रही थी।
अडाणी ग्रुप ने SBI का 1,500 करोड़ रुपए का कर्ज चुकाया
इस बीच हिंडनबर्ग रिपोर्ट के असर को कम करने और निवेशकों का भरोसा कायम रखने के लिए अडाणी ग्रुप अब अलग रणनीति पर काम कर रहा है। ग्रुप अब अपना पूरा फोकस कर्ज के भुगतान और कैश बचाने पर कर रहा है। इसके साथ ही ग्रुप ने अपनी विस्तार योजनाओं पर ब्रेक लगाने का फैसला भी किया गया है।
इसका ताजा उदाहरण पीटीसी इंडिया डील से कदम पीछे खींचना है। सोमवार को ही ग्रुप की ओर से जारी एक बयान में जानकारी शेयर की गई थी कि अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (APSEZ) ने SBI का 1,500 करोड़ रुपए का कर्ज चुका दिया है।
अमेरिकी बाजार में भी गिरावट
मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में गिरावट देखने को मिली। बाजार यूएस फेड की एक और बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना को लेकर अलर्ट है। डाउ जोन्स में 697 अंक या 2.06% गिरावट रही और यह 33,129 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 81.75 अंक या 2% टूटकर 3,997 के लेवल पर बंद हुआ। नैस्डेक में 294 अंकों या 2.5% की कमजोरी आई। यह 11,492 के लेवल पर बंद हुआ।
मंगलवार को 18 अंक नीचे बंद हुआ था सेंसेक्स
भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन, यानी मंगलवार (21 फरवरी 23) को भी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 18 अंक गिरकर 60,672 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 17 अंकों की गिरावट रही। यह 17,826 के स्तर पर बंद हुआ। लगातार दूसरे दिन मार्केट में यह गिरावट आई थी। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 शेयरों में गिरावट और 13 में तेजी रही।