सीतापुर में निर्माणाधीन फैक्ट्री की छत गिरी, मलबे में 9 मजदूर दबे; 1 की मौत

सीतापुर में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन फैक्ट्री की छत गिर गई। हादसे में 9 मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। उनको नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। बाकी, 8 मजदूर घायल हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। घटना खैराबाद इलाके के बराभारी की है।हादसे के बाद बिल्डिंग का मालिक और ठेकेदार फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि बराभारी में नेशनल हाईवे से सटी एक जमीन पर पापुलर पराग रस्क फैक्ट्री का निर्माण कराया जा रहा था। उसी में यह हादसा हुआ है। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

लखनऊ के मोहान रोड स्थित राजकीय बाल गृह में बाथरूम की जाली तोड़कर दीवार कूदकर सात किशोर भाग गए। बालगृह से किशोरों के भागने की सूचना से हड़कंप मच गया। तहरीर पर पारा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी किशोरों को सकुशल राजधानी के अलग-अलग इलाके से बरामद कर लिया है।

ADCP पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने किशोरों को पकड़ने के लिए इंस्पेक्टर पारा तेज बहादुर सिंह कि निगरानी में दो टीमें गठित की थी। एक टीम के सात सदस्यों को बस स्टेशन, रेलवे और टेंपो स्टैंड पर लगाया गया। जबकि दूसरी टीम के पांच सदस्यों को सीसी कैमरों की निगरानी कर रही थी। दोनों टीमों ने सोमवार शाम को सातों को बरामद कर लिया। जिसमें एक बहराइच, तीन गोंडा और तीन लखनऊ के रहने वाले थे।

कानपुर देहात में बाप ने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। जमीन बंटवारे को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। देखते ही देखती ही बात बढ़ गई। गुस्से में पिता ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। इसके बाद मौके से फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वो बेटे को अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। हत्यारोपी पिता की तलाश शुरू कर दी है। मामला शिवली का है।

लखनऊ में विभूतिखंड स्थित द ग्रैंड जेबीआर होटल में रविवार को होली मिलन कार्यक्रम में बवाल हो गया। मामले में पुलिस ने होटल प्रबंधन और हंगामा करने वाली महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।वहीं दूसरी तरफ बिना लाइसेंस शराब बेचने के की जांच आबाकरी विभाग की टीम ने शुरू कर दी है।

विभूतिखंड पुलिस के मुताबिक, रविवार को एक इवेंट कम्पनी ने इस होटल में 250 लोगों की पार्टी करने के लिये लॉन बुक किया था। जहां संख्या पांच गुनी से ज्यादा होने पर हंगामा शुरू हो गया। पुलिस पहुंची तो पार्टी में शामिल कुछ महिलाओं ने पुलिस टीम से भी अभद्रता शुरू कर दी। डीसीपी पूर्वी ह्दयेश कुमार के आदेश पर चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने होटल प्रबंधनन और हंगामा करने वाली महिला के खिलाफ अलग-अलग FIR दर्ज करायी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वहां मौजूद लोगों के विषय में जानकारी जुटा रही है।