कॉनराड संगमा ने मंगलवार को दूसरी बार मेघालय के सीएम पद की शपथ ली। इस मौके पर पीएम मोदी और अमित शाह भी मौजूद रहे। वहीं, नगालैंड में नेफ्यू रियो दोपहर 1:45 बजे पांचवे कार्यकाल के लिए शपथ लेंगे। यहां भी मोदी और शाह मौजूद रहेंगे।
मेघालय में NPP, UDP, BJP और HSPDP गठबंधन की सरकार बन गई है। संगमा ने राज्यपाल को 32 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा है। सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री और NPP के राष्ट्रीय अध्यक्ष संगमा ने कहा कि नए गठबंधन को ‘मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस 2.0’ कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की कैबिनेट में NPP को 8 सीटें, UDP को 2 सीटें और एक-एक सीट BJP और HSPDP को दी जाएंगी।
मेघालय में 27 फरवरी को विधानसभा की 59 सीट पर वोटिंग हुई थी। 2 मार्च को चुनाव के परिणाम घोषित हुए, जिनमें NPP 26 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं, UDP ने 11 सीट पर जीत हासिल की। कांग्रेस और TMC के खाते में पांच-पांच सीटें आईं। वहीं, BJP ने दो सीट पर जीत दर्ज की।
मेघालय 85.27% मतदान हुआ
मेघालय में 27 फरवरी को 60 में से 59 सीटों पर मतदान हुआ। 85.27% वोटिंग हुई। सोहियोंग सीट पर UDP उम्मीदवार एचडीआर लिंगदोह के निधन की वजह से चुनाव टाल दिया गया था। 2018 में 67% वोटिंग हुई थी।
नगालैंड में नेफ्यू रियो पांचवीं बार शपथ लेंगे
नगालैंड में फिर NDPP-BJP गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। राज्य में नेफ्यू रियो पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य की 60 सीटों वाले विधानसभा चुनाव के नतीजों में NDPP-BJP ने 37 सीटें जीती थीं, जिनमें से NDPP ने 25 और BJP ने 12 सीट हासिल की थीं। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 7 सीट, NPF ने 5 और नगा पीपुल्स फ्रंट, लोक जनशक्ति पार्टी और RPI ने 2-2 सीट जीती थीं।
नगालैंड में 85.90% वोटिंग
नगालैंड के 16 जिलों की 60 में से 59 विधानसभा सीटों पर 27 फरवरी को 85.90% वोटिंग हुई। यह पिछले साल से 10% ज्यादा है। 2018 में यहां 75% वोटिंग हुई थी। यहां 10 फरवरी को अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कैंडिडेट खेकाशे सुमी ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद भाजपा कैंडिडेट कजेतो किनिमी को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया।
NDPP 2017 में अस्तित्व में आई थी। NDPP ने तब 18 और भाजपा ने 12 सीटें जीती थीं। दोनों दलों ने चुनाव से पहले गठबंधन किया था। सरकार में NDPP, BJP, NPP और JDU शामिल हैं।