हरियाणा के अंबाला से BJP के लोकसभा सांसद रतन लाल कटारिया का निधन हो गया है। उन्होंने बीती रात PGI चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली। वे पिछले कई दिनों से निमोनिया के चलते PGI में भर्ती थे। उनकी अंतिम यात्रा पंचकूला के मनसा देवी कॉम्प्लेक्स सेक्टर-4 से निकलेगी। दोपहर में ही अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। 4 मई को उन्होंने PGI में शादी की 40वीं सालगिरह मनाई थी। वह 50 वर्षों से RSS से जुड़े हुए थे।
सांसद कटारिया के निधन पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शोक जताते हुए हरियाणा में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी सांसद के निधन पर दुख जताया है। दुष्यंत ने लिखा है कि वरिष्ठ नेता रतन लाल कटारिया का आकस्मिक निधन प्रदेश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।
2014 में कटारिया ने रामकुमार वाल्मीकि को दी थी मात
2019 के लोकसभा चुनाव में अंबाला सीट पर भाजपा ने रतन लाल कटारिया पर तीसरी बार दांव खेला था। तजुर्बे और पुराने चेहरे के चलते ही भाजपा ने कटारिया को अंबाला लोकसभा आरक्षित सीट से मैदान में उतारा।
हालांकि, इसी सीट से राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा से वह लगातार 2 बार हार चुके थे, लेकिन 2019 में कुमारी सैलजा को हराकर उन्होंने पुरानी हार का बदला भी ले लिया था। इससे पहले वर्ष 2014 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार वाल्मीकि को हराया था। कटारिया 1999 में भी अंबाला से सांसद रह चुके हैं।
1980 में बने थे भाजयुमो के उपाध्यक्ष
रतन लाल कटारिया को 1980 में भाजयुमो का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद वह पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मंत्री, अनुसूचित जाति मोर्चा के अखिल भारतीय महामंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री तक के सफर के बाद उन्हें जून 2001 से सितंबर 2003 तक भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
1987-90 में प्रदेश सरकार के संसदीय सचिव एवं हरिजन कल्याण निगम के चेयरमैन बने। जून 1997 से जून 1999 तक वह हरियाणा वेयर हाउसिंग के चेयरमैन रहे।
सीएम मनोहर लाल ने जताया शोक
सीएम मनोहर लाल ने ट्वीट कर कहा ‘पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया के निधन से मन अत्यंत दुःखी है। समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए उन्होंने हमेशा संसद में आवाज़ उठाई। उनका चले जाना राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।