नूंह पुलिस ने दबोचा कुख्यात वाहन चोर:5 बाइकें, 2 कार और एक कैंटर बरामद; चोरी केस में 1 साल से था फरार

हरियाणा के नूंह में पुलिस ने एक साल से फरार वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जा से एक आयसर कैंटर, 2 मारुति ईको कार, 1 पिकअप व 5 मोटर साईकिल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम निवासी जमालगढ़ थाना पुन्हाना जिला नूंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है। उसने दिल्ली के कीर्ति नगर, द्वारका, सौरभ विहार, मदनगंज अजमेर व जवाहर नगर जयपुर से उपरोक्त वाहन चोरी किए थे।

पुन्हाना के डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि नूंह में वाहन चोरी की वारदात करने वाले आरोपियों की धरपकड़ करके वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अलग-2 टीमों का गठन किया गया है। इसी कड़ी मे अपराध जांच शाखा पुन्हाना के इंस्पेक्टर सुभाष के नेतृत्व मे गठित टीम ने कुख्यात वाहन चोर इस्लाम को गिरफ्तार किया।

वह थाना पुन्हाना के मुकदमे में करीब 1 साल से फरार चल रहा था। सूचना के आधार पर लुहिंग्या कलां मोड़ पुन्हाना से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उसे 2 दिन के रिमांड पर लिया है। उसके कब्जे से पुलिस ने चोरी की 1 गाड़ी आयसर कैंटर, 2 मारुति ईको कार व 5 मोटर साइकिल बरामद की हैं।