भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की मीटिंग बुधवार देर रात तक नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई। इसमें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई।
न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मीटिंग में PM मोदी ने MP के नेताओं से कमजोर सीटों पर फोकस करने के लिए कहा। उधर, छत्तीसगढ़ की 90 में से 27 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के पैनल को लेकर भी 2 घंटे मंथन हुआ।
भाजपा CEC मीटिंग की 2 बड़ी बातें
- मध्यप्रदेश में 50 कमजोर सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय हो चुके हैं। इनकी घोषणा सितंबर तक कर दी जाएगी।
- छत्तीसगढ़ में 27 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा एक या दो दिन में हो सकती है।
मीटिंग में PM मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मध्य प्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान, MP भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ की सीटों को 4 कैटेगरी में बांटा गया
- मीटिंग में छत्तीसगढ़ की 90 सीटों को 4 कैटेगरी- A, B, C, D में बांटा गया। A कैटेगरी में वे सीटें हैं, जिन्हें भाजपा ने हर बार जीता है। B कैटेगरी में वे सीटें हैं, जिन पर भाजपा की जीत-हार दोनों हुई है। C कैटेगरी की सीटों पर भाजपा कमजोर है। वहीं, D कैटेगरी की सीटों पर भाजपा कभी नहीं जीत सकी है।
- मीटिंग में B और C की 22 और D कैटेगरी की 5 सीटों पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस बंटवारे से कमजोर सीटों पर पार्टी ज्यादा फोकस दे सकेगी। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की आधी सीटों पर नए उम्मीदवारों को मौका दे सकती है।
- इस बार भाजपा जातियों को पूरी तरजीह दे रही है। प्रत्याशी चयन में देखा जा रहा है कि वो किस जाति का है जाति वर्ग वोटर्स की तादाद कितनी है, अन्य समुदायों में उसकी पकड़ कैसी है।
- मजबूत दावेदारों को चुनाव की तैयारी शुरू करने जैसे आयकर-संपत्ति विवरण, क्रिमिनल रिकॉर्ड, एजुकेशन और सर्टिफिकेट इकट्ठा करने कहा है। साथ ही सारी जानकारी पुख्ता और दस्तावेजी रहे ताकि नामांकन पत्र खारिज न हो सके।
MP पर डेढ़ घंटे बातचीत, हारी हुई सीटों पर फोकस ज्यादा
- केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में PM मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मप्र से सत्यनारायण जटिया शामिल हुए थे। पहली बार मप्र के साथ समिति की आधे घंटे बैठक हुई। करीब डेढ़ घंटे बाद मप्र को फिर बुलवाया गया और एक घंटे तक चर्चा हुई। केंद्रीय नेताओं के सामने मप्र ने हारी हुई सीटों का ब्योरा रखा।
- इसके बाद तय हुआ कि प्रदेश नेतृत्व जल्द से जल्द इन 40 से 50 सीटों पर दो से तीन नाम का पैनल बनाएगा। भाजपा इस बार सिंतबर में ही हारी सीटों के प्रत्याशी तय कर देगी, ताकि उन्हें वक्त मिले। कुछ और घोषणाएं करने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने केंद्रीय संगठन से स्वीकृति मांगी है।
- इस साल के अंत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। भाजपा इनमें से सिर्फ मध्य प्रदेश में ही सत्ता में है। MP में CM शिवराज के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा जाएगा। बैठक में यह तय हुआ कि 20 अगस्त को शिवराज सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड जारी करेगी।
- 20 अगस्त को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी आ सकते है। इस दौरान सरकार के कामों और योजनाओं के आंकडे़ भी जनता के सामने रखे जाएंगे।