दिशा रवि का समर्थन करने पर राहुल व विपक्ष पर बरसे गिरिराज, बोले- देश का विरोध करना शुरू कर दिया

ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामले में गिरफ्तार जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि का समर्थन करने के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा है। समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों ने देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों का विरोध करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैं राहुल गांधी और विपक्ष से पूछना चाहता हूं कि क्या वे कानून  तय करेंगे? अगर वे इसलिए दिशा के समर्थन में हैं, क्योंकि वह 21 साल की हैं, तो उन्हें बताना चाहिए कि हमें निर्भया दोषी को सजा देनी चाहिए थी या नहीं। क्या पाकिस्तानी आतंकवादी कसाब को उसकी उम्र के कारण मौत की सजा नहीं दी जानी चाहिए थी?

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि जिन्होंने विश्व स्तर पर भारत को बदनाम करने का खाका बनाया। क्या उन्हें आप देशभक्त कहते हैं? राहुल गांधी और विपक्ष को जवाब देना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री को निशाना बनाते बनाते देश का विरोध करना शुरू कर दिया है। उनसे देश का विरोध नहीं करने का अनुरोध है। उन्होंने विपक्ष पर किसानों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने किसानों को गुमराह किया। हरियाणा में कुछ कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि वे शराब बांटेंगे। यह किसानों का आंदोलन नहीं है।

राम मंदिर दान अभियान कुमारस्वामी की टिप्पणी पर पलटवार

राम मंदिर दान अभियान पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि यह रामभक्तों को बदनाम करने के लिए विपक्ष और कुमारस्वामी की साजिश है। यह बात बिलकुल गलत है कि राम भक्त उन लोगों की पहचान कर रहे हैं जो दान नहीं दे रहे हैं। जनता दल (एस) के नेता ने कहा था कि राम मंदिर निर्माण के लिए धन इकट्ठा करने वाले स्वयंसेवक उन घरों को चिह्नित कर रहे हैं जो दान नहीं कर रहे हैं।