देश में कोरोना के 640 नए मामले:केरल में 265 पॉजिटिव केस मिले, एक की मौत; दुनिया के 41 देशों में फैला JN.1 वैरिएंट

भारत में शुक्रवार को कोरोना के 640 नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में एक्टिव मामलों की संख्या 2,997 हो गई है। एक दिन पहले यह आंकड़ा 2,669 था।

वहीं केरल में गुरुवार (21 दिसंबर) को कोरोना से एक मरीज की मौत हो गई है। यहां हर रोज 500 से ज्यादा पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। गुरुवार से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक केरल में कोरोना के 265 नए मरीज मिले।

यूपी के नोएडा में कई महीनों के बाद एक पॉजिटिव मरीज (54) मिला है। डॉक्टर ने बताया कि मरीज हाल ही में नेपाल गया था। वहां से लौटने पर उसने हरियाणा के गुरुग्राम में ऑफिस जॉइन किया था।

कोरोना का नया JN.1 वैरिएंट 41 देशों में फैल चुका है। WHO के अनुसार, फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, कनाडा और स्वीडन में JN.1 के मामले सबसे ज्यादा है। भारत में नए वैरिएंट के 21 मामले मिले हैं।