युवक की बेवफाई से गर्लफ्रेंड की मां की मौत, सास पहुंची जेल, पढ़िये- यह चौंकाने वाला मामला

दक्षिण दिल्ली इलाके के सरिता विहार थाना पुलिस ने शुक्रवार को ग्रेटर कैलाश निवासी महिला को अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक महिला का अपहरण कर उसे अपने घर में रखा। दो दिन बाद संदिग्ध हालात में उसके घर की तीसरी मंजिल से गिरने से महिला की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसके दामाद का उस महिला की बेटी से प्रेम संबंध था। उसी के बारे में पूछताछ के लिए उसने महिला को अपने घर में कैद कर रखा था। सरिता विहार थाना पुलिस अपहरण व जीके थाना पुलिस महिला की मौत के मामले की जांच कर रही है। दामाद की बेवफाई से उजड़े तीन परिवारों की यह कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी है। शुक्रवार को यह चर्चा तब और परवान चढ़ गई जब आरोपित महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

युवक के धोखे ने बर्बाद किए तीन घर

आरोपित महिला पति, दो बेटियों व एक बेटे के साथ ग्रेटर कैलाश में रहती है। पिछले साल उसने बड़ी बेटी की शादी गौतमबुद्ध नगर के रोजा-जलालपुर गांव निवासी युवक से की थी। कुछ दिन बाद बेटी को पता चला कि उसके पति का दिल्ली के मदनपुर खादर निवासी एक लड़की से प्रेम संबंध है। वह मदनपुर खादर में अपने रिश्तेदार के यहां आने के बहाने अक्सर लड़की से मिलने आता है। लड़की यहां अपनी मां के साथ रहती थी। बेटी की शिकायत पर आरोपित महिला पहली फरवरी को मदनपुर खादर से लड़की व उसकी मां को जबरदस्ती अपने घर ले आई।

सूत्रों के अनुसार, वह पति के साथ महिला व उसकी बेटी को लेने गई थी। इस दौरान उन दोनों से मारपीट भी की। लड़की तीन फरवरी की सुबह सात बजे किसी तरह वहां से भाग निकली और अपनी मां के अपहरण का मामला सरिता विहार थाने में दर्ज करवाया। वहीं, उसकी मां तीन फरवरी की दोपहर आरोपित महिला के घर की तीसरी मंजिल से गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। अपहरण के मामले में सरिता विहार थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, महिला की मौत की जांच ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस कर रही है। मां गई जेल, बेटी के दांपत्य जीवन पर खतराआरोपित महिला के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उसके जेल जाने के बाद अब उसकी बेटी का दांपत्य जीवन भी खतरे में आ गया है।

बताया जा रहा है कि युवक ने मदनपुर खादर निवासी लड़की से लव मैरिज की थी, इसलिए उसकी मां अपनी बेटी के हक के लिए अड़ी थी। इसीलिए आशंका यह भी है कि उसे रास्ते से हटाने के लिए महिला की हत्या की गई हो, जबकि आरोपित महिला अपनी बेटी के हक के लिए दूसरी लड़की को छोड़ने के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन एक युवक के कारण दोनों लड़कियों के दांपत्य जीवन पर खतरा आ गया है।