हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी, ऑरेंज अलर्ट:दिल्ली में 13 साल में सबसे ज्यादा ठंड, 50 फ्लाइट लेट; UP-राजस्थान में बारिश की चेतावनी

देश के छह राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में अगले दो दिन बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, लगातार दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम बदलेगा।

दिल्ली-UP में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान, पश्चिम बंगाल और नार्थ ईस्ट राज्यों में भी कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली में जनवरी में पिछले 13 सालों में सबसे ज्यादा ठंडी रही।

मौसम विभाग के मुताबिक, 1 से 30 जनवरी तक दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2011 के बाद सबसे कम है। घने कोहरे के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर 50 से ज्यादा फ्लाइट डिले हुई हैं।

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में 120 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। शिमला, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

31 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत NCR के हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गलन और ठंड बढ़ सकती है।

जानें किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम…

  • 31 जनवरी से 1 फरवरी तक उत्तराखंड में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है।
  • UP, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना है।
  • पंजाब में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
  • अरुणाचल में हल्की/मध्यम छिटपुट बारिश की संभावना है।