भाजपा ने राज्यसभा के लिए दूसरी लिस्ट जारी की:केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ओडिशा से और एल मुरुगन मध्य प्रदेश से कैंडिडेट होंगे

भाजपा ने 27 फरवरी को हाेने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश और ओडिशा से बुधवार को 5 नामों की घोषणा की। मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से कैंडिडेट बनाया गया है। वैष्णव को BJD का समर्थन मिलने की संभावना है।

इससे पहले भाजपा ने रविवार (11 फरवरी) को 7 राज्यों से 14 लोगों के नाम की घोषणा की थी। इनमें उत्तर प्रदेश से कांग्रेस से भाजपा में आए आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन शामिल हैं।

इसके अलावा हरियाणा से सुभाष बराला, बिहार से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बंगाल से सामिक भट्टाचार्य, कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे और छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह का नाम लिस्ट में शामिल है।

27 फरवरी को राज्यसभा की 56 सीटों पर चुनाव होंगे

राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव आयोग इसके लिए 8 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी कर चुका है। 15 फरवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। 27 फरवरी को ही रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।

2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होंगे
2024 में राज्यसभा से 68 सांसद रिटायर होने वाले हैं। इसमें 9 केंद्रीय मंत्री हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित 56 नेता अप्रैल में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

जनवरी
दिल्ली- संजय सिंह (AAP), नारायण दास गुप्ता (AAP) और सुशील कुमार गुप्ता (AAP)। पार्टी ने दिल्ली से सुशील गुप्ता की जगह स्वाती मालीवाल को राज्यसभा भेजा है। संजय सिंह, स्वाति मालीवाल और एनडी गुप्ता राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनाव जीत गए।

फरवरी
सिक्किम – हिशे लाचुंगपा (SDF)। भाजपा प्रत्याशी डीटी लेप्चा यहां निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं।

अप्रैल
राजस्थान:
 मनमोहन सिंह (INC), भूपेन्द्र यादव (BJP) ओडिशा: अश्विनी वैष्णव (BJP), प्रशांत नंदा, अमर पटनायक (BJD) उत्तराखंड – अनिल बलूनी (BJP) गुजरात: मनसुख मंडाविया (BJP), परषोत्तम रूपाला (BJP), नारणभाई राठवा (INC), अमी याग्निक (INC) महाराष्ट्र: वी मुरलीधरन (BJP), नारायण राणे (BJP), प्रकाश जावड़ेकर (BJP), कुमार केतकर(INC), वंदना चव्हाण (NCP), अनिल देसाई (शिवसेना- UBT) मध्य प्रदेश: धर्मेंद्र प्रधान (BJP), एल मुरुगन (BJP), अजय प्रताप सिंह (BJP), कैलाश सोनी (BJP), राजमणि पटेल (INC) कर्नाटक: राजीव चन्द्रशेखर (BJP), एल हनुमंथैया (INC), जी सी चन्द्रशेखर (INC), सैयद नासिर हुसैन (INC) तेलंगाना: जोगिनीपल्ली संतोष कुमार (BRS), रविचंद्र वद्दीराजू (BRS), बी लिंगैया यादव (BRS) पश्चिम बंगाल: अबीर रंजन विश्वास (TMC), सुभाशीष चक्रवर्ती (TMC), मोहम्मद नदीमुल हक (TMC), शांतनु सेन (TMC), अभिषेक मनु सिंघवी (INC) बिहार: मनोज कुमार झा (RJD), अहमद अशफाक करीम (RJD), अनिल प्रसाद हेगड़े (JDU), बशिष्ठ नारायण सिंह (JDU), सुशील कुमार मोदी (BJP), अखिलेश प्रसाद सिंह (INC) उत्तर प्रदेश: अनिल अग्रवाल (BJP), अशोक बाजपेयी (BJP), अनिल जैन (BJP), कांता कर्दम (BJP), सकलदीप राजभर (BJP), जीवीएल नरसिम्हा राव (BJP), विजय पाल सिंह तोमर (BJP), सुधांशु त्रिवेदी (BJP) और हरनाथ सिंह यादव (BJP), जया बच्चन (सपा) आंध्र प्रदेश: कनकमेदाला रवींद्र कुमार (TDP), सी एम रमेश (BJP), प्रभाकर रेड्डी वेमिरेड्डी (YSRCP) छत्तीसगढ़: सरोज पांडे (BJP) हरियाणा: डी पी वत्स (BJP)

मई
झारखंड- समीर ओरांव (BJP), धीरज प्रसाद साहू (INC)

जुलाई
केरल- एलामाराम करीम (CPI-M), बिनॉय विश्वम (CPI), जोस के मणि KC (M)