चंडीगढ़ में केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोष:प्रेम गर्ग बोले- यह दुर्भाग्यपूर्ण, पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ; बीजेपी कार्यालय का किया जाएगा घेराव

चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। आज पार्टी के नेताओं की तरफ से भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसी दौरान पार्टी के सीनियर नेता प्रेम गर्ग ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि भाजपा ने चुनाव से पहले उन्हें गिरफ्तार कर चुनाव प्रचार से रोकने की कोशिश की है। लेकिन पार्टी का हर कार्यकर्ता उनके साथ है।

यह कदम लोकतंत्र के खिलाफ

आम आदमी पार्टी की तरफ से केजरीवाल की गिरफ्तारी को अनुचित अलोकतांत्रिक, अनैतिक और प्राकृतिक न्याय के विरुद्ध बताया है। ED और अन्य जांच एजेंसी केंद्र सरकार के हाथों में अपने विरोधियों को दबाने का हथियार बन गई है और यह पूरी तरह से स्वतंत्र राष्ट्र के लोकतांत्रिक मापदंडों के विरुद्ध है। चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी की तरफ से इस तरह के आरोप लगाते हुए केंद्र की सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

चुनाव के मद्देनजर लिया फैसला

मोहाली आम आदमी पार्टी की नेता कांत शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस तरह का फैसला लिया है। एक केजरीवाल ही ऐसा चेहरा है, जो भारतीय जनता पार्टी को चुनौती दे सकते हैं। लेकिन केजरीवाल को जेल के अंदर भेज कर चुनाव में जीत हासिल करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन देश की जनता ऐसा करने वालों को मौका मिलने पर जवाब देगी।