शिवसेना उद्धव गुट के 17 लोकसभा कैंडिडेट घोषित:मुंबई नॉर्थ-वेस्ट से अमोल, ऐलान से कांग्रेस नेता संजय निरुपम नाराज; प्रकाश अंबेडकर भी MVA से हटे

महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी संकट में नजर आ रहा है। शिवसेना उद्धव गुट ने बुधवार को 17 कैंडिडेट्स का ऐलान किया। इसमें 3 सीटों पर कांग्रेस के दावेदार टिकट का इंतजार कर रहे थे।

ऐलान के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय निरुपम नाराज हैं, वे मुंबई नॉर्थ-वेस्ट से लोकसभा लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें खुद राहुल गांधी ने टिकट का भरोसा दिया था।

उद्धव गुट ने यहां अमोल कीर्तिकर को टिकट दिया, जिन्हें खिचड़ी घोटाले में ED ने समन भेजा है। मुंबई साउथ-सेंट्रल और सांगली सीटों पर भी कांग्रेस के नेता टिकट मिलने की उम्मीद कर रहे थे।

वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) नेता प्रकाश अंबेडकर ने भी MVA से अलग लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने बुधवार को 8 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया।

इनके अलावा स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने MVA के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। MVA ने हातकणंगले की सीट शेट्टी को देना का प्रस्ताव दिया था।

1. मुंबई नॉर्थ-वेस्ट से अमोल को टिकट, कांग्रेस के संजय निरूपम नाराज
ठाकरे गुट के लोकसभा प्रत्याशियों के नामों के ऐलान के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम नाराज हो गए हैं। निरुपम मुंबई नॉर्थ-वेस्ट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। राहुल गांधी ने उन्हें इस सीट से चुनाव लड़ाने का भरोसा भी दिलाया था। अब इस सीट पर ठाकरे गुट के अमोल कीर्तिकर को टिकट दे दिया गया है।

2. मुंबई साउथ-सेंट्रल से टिकट चाहती थीं कांग्रेस की वर्षा गायकवाड
उद्धव ठाकरे के करीबी राज्यसभा सदस्य अनिल देसाई को मुंबई साउथ-सेंट्रल से टिकट दिया गया है। यहां से मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड चुनाव लड़ना चाहती थीं। ये सीट तब चर्चा में आई थी, जब वर्षा के पिता स्वर्गीय एकनाथ गायकवाड ने तत्कालीन लोकसभा स्पीकर मनोहर जोशी को हराया था।

3. सांगली से कांग्रेस विश्वजीत कदम को उतारना चाहती थी
सांगली से कांग्रेस विश्वजीत कदम को खड़ा करना चाहती थी। उद्धव गुट ने यहां चंद्रहार पाटिल को टिकट दे दिया है। इसके बाद कांग्रेस के नाराज नेता सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंच गए हैं। अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी सांगली सीट से OBC बहुजन पार्टी के प्रकाश अन्ना शेंडगे को मैदान में उतारेगी, जिससे कांग्रेस और शिवसेना (UBT) दोनों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

संभाजी नगर सीट पर उद्धव गुट के भीतर ही नाराजगी
संभाजी नगर से विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे चुनाव लड़ना चाहते थे। यहां चंद्रकांत खैरे को टिकट मिलने से दानवे भी नाराज हैं। हालांकि, उन्होंने कहा है कि वे पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने शिवसेना (उद्धव गुट) छोड़ने की बात को खारिज कर दिया।

महाविकास अघाड़ी से जुड़े 2 बड़े अपडेट्स

1. प्रकाश अंबेडकर अकेले लड़ेंगे

वंचित बहुजन अघाड़ी के नेता प्रकाश अंबेडकर ने महाविकास अघाड़ी के साथ लोकसभा चुनाव ना लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने लोकसभा की 9 में से 8 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है।

1. भंडारा-गोंदिया: संजय केवट

2. गढ़चिरौली-चिमूर: हितेश मडावी

3. चंद्रपुर: राजेश बेल्ले

4. बुलढाणा: वसंत मगर

5. अकोला: प्रकाश अंबेडकर

6. अमरावती: कुमारी प्रजक्ता

7. वर्धा: प्रो. राजेंद्र सालुंके

8. यवतमाल-वाशिम: खेमसिंह पवार

2. निर्दलीय लड़ेंगे पूर्व सांसद राजू शेट्टी
पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने महाविकास अघाड़ी ( MVA) के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। MVA ने हातकणंगले सीट राजू शेट्टी को देने का प्रपोजल दिया था। अब राजू शेट्टी इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। राजू शेट्टी स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष है और बड़े किसान नेता भी हैं।