अतीक का शार्प शूटर बल्ली पंडित ​​​​​​अरेस्ट:उमेश हत्याकांड से पहले हिस्ट्रीशीटर से मिली थी शाइस्ता; राजू पाल की कार पर बरसाई थीं 40 गोलियां

माफिया अतीक अहमद के शार्प शूटर बल्ली पंडित को प्रयागराज पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। बल्ली खुल्दाबाद के चकिया इलाके में झोले में बम लेकर देखा गया था।

कई दिनों से संदिग्धों से मुलाकात कर रहा था। पुलिस को इनपुट मिला कि बल्ली किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। पुलिस ने बुधवार 27 मार्च को घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। उसके पास से 10 बम मिले हैं।

27 मार्च 2024 को बल्ली और उसके साथी के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में बालू कारोबारी श्याम पाल ने 2 लाख रुपए रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया था। करेली के रहने वाले श्याम पाल ने तहरीर में लिखा कि उससे 20 लाख की रंगदारी मांगी गई। असलहा सटाकर 20 हजार रुपए ले लिए गए।

उमेश हत्याकांड से 5 दिन पहले बल्ली के घर गई थी शाइस्ता

उमेश हत्याकांड से 5 दिन पहले बल्ली से मिलने शाइस्ता उसके नीवा स्थित घर गई थी। इसका CCTV भी सामने आया था। इसमें बल्ली पंडित दिखाई दिया था। शाइस्ता के साथ 5 लाख का इनामी शूटर साबिर भी नजर आया था। साबिर वही शख्स है, जिसने कार में बैठे उमेश पाल के गनर को गोली मारी थी। वीडियो वायरल होने के बाद बल्ली पंडित अंडरग्राउंड हो गया था।

2023 में उमेश पाल हत्याकांड में उठाया गया था

उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस ने माफिया के खिलाफ अभियान चलाया था। तब अतीक गैंग के दर्जनों मेंबर जेल गए थे। तभी बल्ली पंडित के पकड़े जाने और पूछताछ की बात सामने आई थी। हालांकि, वह जेल नहीं गया था। तब माना जा रहा था कि पुलिस या STF ने बल्ली को पकड़ा था। हालांकि अंत तक साफ नहीं हुआ था कि बल्ली को उठाया किसने था। उमेश पाल कांड के बाद से बल्ली अब पकड़ा गया है।

उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक के नौकर राकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस वक्त राकेश ने बल्ली से अतीक की बातचीत के राज उगले थे। पूछताछ में सामने आया था कि बल्ली पंडित ने अतीक से एपल फोन से कई बार साबरमती जेल में बाद की थी। शक है कि अतीक और बल्ली के बीच उमेश की हत्या को लेकर चर्चा हुई थी।

2002 में राजू पाल पर हमला किया था
राजू पाल और बल्ली पंडित की अदावत काफी पुरानी थी। 2002 में बल्ली पंडित ने बसपा विधायक रहे राजू पाल पर हमला किया था, तब बम भी चले थे। मामले में बल्ली पंडित हत्या के प्रयास में जेल गया था।

इसके बाद बल्ली के घर में आग लगा दी गई थी। इस घटना के बाद बल्ली माफिया के घर पहुंचा था। तब अतीक चकिया से विधायक हुआ करता था, तभी से बल्ली अतीक का गुर्गा बन गया।

राजू पाल की कार पर बरसाई थीं 40 गोलियां
2005 में नींवा में बल्ली ने फिर से राजू पाल पर हमला किया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बल्ली पंडित ने राजू पाल की कार पर 40 से अधिक गोलियां बरसाईं थीं। हालांकि, इस हमले में राजू पाल बच गए थे। बल्ली के साथ हमले में रंजीत पाल, इसरा भी नामजद हुए थे।

CBI के रिटायर्ड डिप्टी एसपी का बेटा है बल्ली पंडित
पुलिस के मुताबिक, सुधांशु त्रिपाठी उर्फ बल्ली पंडित हिस्ट्रीशीटर है। वह नींवा का रहने वाला है। बल्ली रिटायर्ड डिप्टी एसपी हरिहर नाथ त्रिपाठी का बेटा है। वे CBI से रिटायर्ड हुए थे। उसके खिलाफ प्रयागराज के कई थानों में संगीन धाराओं में 16 मुकदमें दर्ज हैं।

माफिया के नाम पर उसने कई लोगों से रंगदारी और जमीन भी हड़पी है। उसने 2018 में विवेकानंद मार्ग पर रहने वाले होटल मालिक अमित अग्रवाल से 5 लाख रुपए रंगदारी मांगी थी। उसने अपने मोबाइल से अमित के मोबाइल पर कई बार कॉल भी किया था। अमित ने जब रंगदारी न देने की बात कही थे, उसे जान से मारने की भी धमकी दी गई।

44 सेकेंड में उमेश पाल हत्याकांड को दिया था अंजाम

प्रयागराज में 24 फरवरी 2023 को उमेश पाल और उनके 2 गनर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उमेश के गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। बदमाशों ने इस हत्याकांड को 44 सेकेंड में अंजाम दिया था। उमेश और एक गनर की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक गनर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई थी।