रामगोपाल बोले- राम मंदिर वास्तु के हिसाब से ठीक नहीं:अखिलेश-डिंपल ने वोट डाला; यूपी की 10 सीटों पर 4 घंटे में 26% वोटिंग

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में वेस्ट यूपी की 10 सीटों पर वोटिंग चल रही है। ये सीटें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, बरेली और आंवला हैं।

सुबह 11 बजे तक यानी 4 घंटे में 26.12% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा संभल में 29.55% और सबसे कम फिरोजाबाद में 24.42 % वोटिंग हुई।

फतेहपुर सीकरी में बूथ संख्या-265 की EVM खराब हो गई है। अभी तक एक भी वोट नहीं पड़ा है। फिरोजाबाद के नगला महादेव गांव के लोगों ने ओवरब्रिज को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया है।

सैफई में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव के साथ मतदान किया। फिरोजाबाद पुलिस ने 42 फर्जी वोटर्स को पकड़ा है।

10 सीटों पर 100 कैंडिडेट चुनावी मैदान में हैं। इनमें 8 महिला प्रत्याशी हैं। 1.78 करोड़ वोटर्स इनकी किस्मत का फैसला करेंगे।

थर्ड फेज में मुलायम परिवार से तीन सदस्य चुनावी मैदान में हैं। मैनपुरी से डिंपल यादव, फिरोजाबाद से अक्षय यादव और बदायूं से आदित्य यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है।

मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल (आगरा) और योगी सरकार के दो कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह (मैनपुरी) और अनूप प्रधान वाल्मीकि (हाथरस) के सामने खुद को साबित करने की चुनौती है।