हरियाणा के जींद शहर के अजमेर बस्ती निवासी व्यक्ति को दुकान पर आठ लाख रुपए का लोन दिलवाने का झांसा देकर उसके साथ 2 लाख 38 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में अजमेर बस्ती निवासी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि वह 12 अगस्त 2023 को अंबाला गया हुआ था। इस दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली के रोहिणी निवासी विवेक गौतम से हुई। उसने खुद को सिटी बैंक रोहिणी का मैनेजर बताया और कहा कि कभी लोन की जरूरत हो तो उससे संपर्क कर लेना। इसके कुछ दिन बाद खुद ही विवेक गौतम ने उसको उसकी दुकान पर लोन देने की बात कहकर फोन किया।
इसके लिए आरोपित ने उससे दुकान का जीएसटी नंबर, आधार कार्ड की कापी मांगी। सिक्योरिटी के तौर पर दो खाली चेक ले लिए। इसके बाद आरोपित ने उससे ढाई लाख रुपए की मांग की और कहा कि राशि जमा करवाने के बाद लोन पास होगा। इस पर उसने दो बार में 2 लाख 38 हजार रुपए उसके खाते में भेज दिए। इसके बाद आरोपित और रुपए की डिमांड करने लगा तो उसे धोखाधड़ी का शक हुआ। शहर थाना पुलिस ने विवेक गौतम के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।