पंजाब शिअद ने कांग्रेस नेताओं का AI वीडियो बनाया:चन्नी ₹500 करोड़ की अटैची ले हाईकमान पहुंचे; प्रियंका ने सिद्धू का गुलदस्ता पटका

पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के बयान के बाद अब शिरोमणि अकाली दल भी मैदान में आ गई है। पार्टी ने एक AI वीडियो जारी कर कांग्रेस हाईकमान से लेकर पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर भी निशाना साधा है।

शिअद द्वारा जारी वीडियो में गांधी हाउस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी बैठे हुए हैं। चन्नी लोगों से रुपए इकट्ठे कर गांधी हाउस में 500 करोड़ रुपए की अटैची लेकर पहुंचते हैं। इसमें सुक्खी 200 करोड़, जाखड़ 300 करोड़ रुपए लेकर पहुंचते हैं।

लास्ट में आए नवजोत सिंह सिद्धू फूलों का गुलदस्ता लेकर प्रियंका गांधी से मिल रहे हैं। गुस्से में प्रियंका सिद्धू का गुलदस्ता पटक रही है।

वीडियो के जरिए शिअद के निशाने पर चन्नी

चरणजीत सिंह चन्नी 2027 के चुनाव में कांग्रेस से मुख्यमंत्री पद के लिए प्रबल दावेदारों में से एक हैं। शिअद ने वीडियो के जरिए ज्यादा निशाने चन्नी पर ही लगाए हैं, ताकि चुनाव के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी को इस मुद्दे पर घेरा जा सके। सोशल मीडिया पर जारी एक करीब एक मिनट की वीडियो में 34 सेकेंड चन्नी को ही फोकस किया गया है।

अब पढ़िए वीडियो में क्या-क्या दिखाया…

  • सुक्खी 200 करोड़ की अटैची लेकर पहुंचे: वीडियो के स्टार्टिंग शॉट्स में गांधी हाउस दिखाया गया है, जिसमें राहुल गांधी और सोनिया गांधी आपस में बातें करते दिख रहे हैं। पंजाब सीएम बनाने के लिए मंथन चल रहा है। फिर सबसे पहले सुक्खी कमरे में एक अटैची लेकर जाते हैं। इस अटैची पर 200 करोड़ लिखा है। सुक्खी ने इसे हाईकमान रखा। राशि देखते ही हाईकमान उसे लौटा देती है।
  • जाखड़ 300 करोड़ की अटैची के साथ: एक व्यक्ति हाथ में 300 करोड़ रुपए की अटैची लेकर गांधी हाउस में जाते हुए दिखा रहे हैं। अंदर जाते हुए व्यक्ति की बैक पर जाखड़ लिखा है। वो भी अंदर जाकर राहुल और सोनिया से मिलते हैं। इस बार हाईकमान को 300 करोड़ रुपए की अटैची पसंद नहीं आई। जाखड़ भी मायूस होकर बाहर आ जाते हैं।
  • सिद्धू गुलदस्ते लेकर पहुंचे: इसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू गुलदस्ते के साथ गांधी हाउस जाते हैं। वहां प्रियंका गांधी को गुलदस्ता भेंट करते हैं। इसके बाद सीएम पद की डिमांड करते हैं, अचानक से प्रियंका इस गुलदस्ते को जमीन पर पटक देती है। फिर सिद्धू भी मायूस होकर बाहर आ जाते हैं।
  • चन्नी ऑटो में 500 करोड़ लेकर घुसे: चन्नी एक ऑटो में बैठकर गांधी हाउस जाते हुए दिखा रहे हैं। ऑटो के पीछे 500 करोड़ लिखा है। चन्नी 500 करोड़ रुपए की अटैची राहुल-सोनिया के सामने रखते हैं। इसे देखकर दोनों खुश हो जाते हैं और उसे सीएम की कुर्सी देकर भेज देते हैं। फिर चन्नी सीएम पद की शपथ लेते हैं। बाकी 3 नेता रोते हुए दिख रहे हैं।

जाखड़ ने चन्नी पर रुपए देकर सीएम बनने का आरोप लगाया था

नवजोत कौर सिद्धू ने हाल ही में दिये एक बयान में कहा था कि पार्टी में 500 करोड़ रुपए देने वाला ही सीएम बनता है। उसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी आरोप लगाया कि चरणजीत सिंह चन्नी 350 करोड़ रुपए देकर सीएम बने हैं। दरअसल जब चन्नी सीएम बने थे तब सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुनील जाखड़, नवजोत सिंह सिद्धू सीएम की रेस में थे।

सुनील जाखड़ का नाम लगभग फाइनल हो गया था। यहां तक कि जाखड़ को ज्यादातर विधायकों का भी समर्थन हासिल था लेकिन ऐन मौके पर चन्नी को सीएम बनाया गया। तब जाखड़ ने यह भी आरोप लगाए थे कि उन्हें इसलिए सीएम नहीं बनाया गया क्योंकि वो हिंदू हैं। उसके बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।