केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा, ‘केंद्र सरकार भाजपा की है और राज्य सरकार भी भाजपा की आएगी तो डबल इंजन लगने के बाद बंगाल की बहुत प्रगति होगी। हम बंगाल में एक लाख करोड़ की सड़कें बनाएंगे, भूमि अधिग्रहण और एनवायरमेंट क्लीयरेंस हमें मिलता तो आज भी बना सकते थे। लेकिन दुर्भाग्यवश इसमें अड़चनें आती हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘ममता जी के साथ हादसा हुआ और इसकी राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस प्रकार के विवाद को तैयार करना और चुनाव के माहौल को खराब करना ठीक नहीं होगा।’
उन्होंने कहा, ‘चुनाव से हमारी लोकतांत्रिक परंपराओं की गरिमा बढ़ती है। हमें चुनावों को धूमिल नहीं करना चाहिए। ममता बनर्जी के साथ जो हुआ वो दुर्घटना थी, सबका यही मानना है। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। वो और हमसब जनता की अदालत में जा रहे हैं। इस फैसले को स्वीकार करने के साथ किसी को आगे बढ़ना चाहिए।’