जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का असर बरकरार है। नए साल के पहले दिन मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत देश के 16 राज्यों में घना कोहरा भी देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में घने कोहरे के चलते 100 मीटर से ज्यादा दूर देखना मुश्किल हो रहा था। मध्य प्रदेश के भोपाल-उज्जैन समेत कई जिलों में भी विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई।
हरियाणा में कोहरे के कारण 30 ट्रेनें प्रभावित हुईं। इसमें 19 ट्रेनें 30 मिनट से 6 घंटे तक देरी से चलीं। 11 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। यहां 13 जिलों कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के 3 शहरों में तापमान 5 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। माउंट आबू में पारा 2.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में पारा और गिर सकता है।
जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के लिए मशहूर गुलमर्ग में तापमान माइनस 11.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में तापमान माइनस 8.4 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश में भी 6 दिन तक बर्फबारी का अलर्ट है।
2.11 करोड़ पर्यटक 2024 में जम्मू-कश्मीर पहुंचे
लद्दाख में 2023 में 5.25 लाख पर्यटक पहुंचे थे। 2024 में यह आंकड़ा घटकर 3.75 लाख रह गया। लद्दाख पर्यटन विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 2023 में 2.10 करोड़ पर्यटक आए थे। 2024 में संख्या बढ़कर 2.11 करोड़ हो चुकी है।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
2 जनवरी: 3 राज्यों में बर्फबारी, नॉर्थ-ईस्ट में कोहरा
- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में घना कोहरा रहेगा।
- उत्तरी भारत के राज्यों में शीतलहर चलेगी, जिससे तापमान में गिरावट होगी।
- जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा।
3 जनवरी: तमिलनाडु में बारिश के आसार, 5 राज्यों में शीतलहर
- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रॉस्ट कंडिशन
- तिमलनाडु और पुडुचेरी में बारिश हो सकती है। यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी उम्मीद है।
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में शीतलहर चलेगी ।