हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार (28 मार्च) को शेयर बाजार में गिरावट है। सेंसेक्स करीब 250 अंक नीचे 77,350 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में करीब 100 अंक की गिरावट है, ये 23,500 पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों मे से 19 में गिरावट है। महिंद्रा, इंफोसिस और पावर ग्रिड में 4% तक की गिरावट है। जबकि, नेस्ले इंडिया, HUL और कोटक महिंद्रा बैंक में करीब 2% की तेजी है।
NSE के 50 शेयरों में से 32 में गिरावट है। सेक्टोरल इंडाइसेज में ऑटो में 1%, IT में 1.16% और हेल्थ केयर में 0.85% की गिरावट है। जबकि, FMCG, सरकारी बैंक और ऑयल एंड गैस सेक्टर में तेजी है।
ग्लोबल मार्केट गिरावट, FII की खरीदारी जारी…
- एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई में 2.09%, हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 0.78%और चीन के शंघाई कम्पोजिट में 0.67% की गिरावट है।
- 27 मार्च को अमेरिका का डाओ जोंस 0.37%नीचे 42,299 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में 0.53%और S&P 500 इंडेक्स में 0.33% की गिरावट रही।
- 27 मार्च को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 11,111.25 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं, घरेलू निवेशकों (DIIs) ने भी 2,517.70 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
- मार्च महीने में विदेशी निवेशकों ने 6,367 करोड़ रुपए के नेट शेयर खरीदे। वहीं घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 29,939.19 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
शेयर बाजार से में आज की बड़ी बातें…
- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने वीकली फ्यूचर एंड ऑप्शन्स (F&O) एक्सपायरी डे को संशोधित करने के अपने फैसले को सोमवार तक टाल दिया है। इससे पहले मार्च में एनएसई ने कहा था कि 4 अप्रैल, 2025 से निफ्टी इंडेक्स के वीकली डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी को गुरुवार से सोमवार कर दिया जाएगा।
- NSE का यह फैसला भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के परामर्श पत्र के बाद आया है। सेबी ने प्रस्ताव दिया है कि सभी स्टॉक एक्सचेंजों में इक्विटी डेरिवेटिव्स के लिए एक्सपायरी के दिनों का एक मानक बना दिया जाए, इन्हें मंगलवार या गुरुवार तक सीमित किया जाए। यानी, एक्सपायरी मंगलवार या गुरुवार को ही हो।
- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के शेयरों में शुक्रवार, 28 मार्च को 15% की तेजी आई। यह 5,378 रुपए पर कारोबार कर रहा है। यह उछाल 30 मार्च को होने वाली बोर्ड मीटिंग से पहले आया है, जिसमें बोनस शेयर जारी करने पर विचार किया जाएगा। पिछले सेशन में भी BSE के शेयर में 5% की तेजी आई थी।
गुरुवार को शेयर बाजार में रही थी तेजी
कल यानी, गुरुवार (27 मार्च) को सेंसेक्स 317 अंक चढ़कर 77,606 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 105 अंक की तेजी रही, ये 23,591 के स्तर पर बंद हुआ।
बजाज फिनसर्व, NTPC और इंडसइंड बैंक सेंसेक्स के टॉप गेनर्स रहे। इनमें करीब 3% की तेजी रही। वहीं टाटा मोटर्स, सनफार्मा और HUL में गिरावट रही। टाटा मोटर्स 5.38% नीचे बंद हुआ।
सेक्टोरल इंडाइसेज में निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा 1.04% की गिरावट रही। जबकि सरकारी बैंक 2.50%, मीडिया 1.52% और रियल्टी सेक्टर 1.35% ऊपर बंद हुए।
अमेरिका में विदेशी कारों पर ट्रम्प का 25% टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को विदेशों से आयात होने वाली कारों पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया। इसका असर भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर पर दिख रहा है। जगुआर और लैंडरोवर कार बेचने वाली कंपनी टाटा मोटर्स के शेयर में आज 5.38% की गिरावट रही।