देश के उत्तर-पश्चिम राज्यों में आज तेज गर्म का मौसम बना रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 6 दिन राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, पंजाब और गुजरात में हीटवेव की आशंका जताई है। इससे तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने मुंबई में आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाएं 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, केरल में भी तेज बारिश के आसार है। IMD ने इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इधर, छत्तीसगढ़ में अप्रैल महीने के दूसरे सप्ताह से फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 अप्रैल से मौसम बदलने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में अगले 72 घंटे तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। आज भी कल कुल्लू, मंडी और सोलन जिले में यलो अलर्ट है।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग के अनुसार, 6 अप्रैल तक केरल, असम, मेघालय,नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और ओले गिरने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 6-7 दिनों में 2-4°C तापमान बढ़ेगा। दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात राज्यों के तापमान में अगले कुछ दिन बढ़ोतरी होगी।
दिल्ली में सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा तापमान राजधानी में समय से पहले गर्मी ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक दिल्ली में लू चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान तापमान 39 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है। IMD के अनुसार, इस बार अप्रैल से जून तक सामान्य से ज्यादा लू पड़ सकती है।