यूपी में जबरदस्त धूप हो रही है। बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। 10 जिलों का पारा सोमवार दोपहर 40 डिग्री के पार पहुंच गया। हमीरपुर, झांसी और आगरा सबसे गर्म रिकॉर्ड किए गए। यहां पारा 42 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार दोपहर आगरा के ताजमहल को देखने आई स्विट्जरलैंड की गिया निना (33) धूप के चलते गश खाकर पत्थर पर गिर गईं। इसके चलते वे चोटिल हो गईं। उन्हें 6 टांके लगे हैं। आज 17 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी यूपी में आज तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
आज से 4 दिनों तक बारिश की संभावना BHU के मौसम विज्ञानी मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि यूपी में आज से मौसम बदल सकता है। नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर में हिमालय को छूकर आ रहा है। इसका असर मंगलवार शाम तक वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही सहित पूर्वी यूपी में होगा। तेज हवा के बाद बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। हवा में नमी रहेगी। यह सिलसिला 12 अप्रैल तक जारी रह सकता है।
गर्मी ने 2 साल का रिकॉर्ड तोड़ा मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, गर्मी ने दो साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। 7 अप्रैल 2023 को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और 2024 में 36.8 डिग्री था। इस बार 7 अप्रैल 2025 को अधिकतम पारा 42.2 डिग्री झांसी और हमीरपुर में रिकॉर्ड हुआ। अयोध्या सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 15°C रिकॉर्ड किया गया।
रात का पारा 6 डिग्री तक बढ़ा यूपी में अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। बिजनौर में रात का न्यूनतम पारा सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम पारा 24 डिग्री और अधिकतम पारा 36.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ में न्यूनतम पारा 25.8 डिग्री, जो सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक रहा। वाराणसी में न्यूनतम पारा 25.4, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं, रायबरेली में न्यूनतम पारा 40.7 डिग्री, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक रहा।
वाराणसी में सूख रही गंगा, दिखने लगे रेत के टीले वाराणसी में बढ़ती गर्मी की वजह से गंगा सिमटती जा रही है। आमतौर पर गंगा में उभरते टीलों मई और जून में दिखते थे। लेकिन, इस बार अप्रैल महीने के शुरुआती दिनों में ही टीले दिखने लगे हैं। इसको लेकर विज्ञानी चिंतित हैं। उनका कहना है कि गंगा के बीच में अभी से दिखता टीला भयंकर गर्मी की चेतावनी दे रहा है। इससे भविष्य में जल संकट भी हो सकता है। जलीय जीवों पर संकट मंडरा रहा है।
अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
- 9 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलेंगी।
- 10 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश होगी। 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट आएगी।
- 11 अप्रैल: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
- 12 अप्रैल: तेज हवाएं चलेंगी। बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
- 13 अप्रैल: पूर्वांचल में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
शहरों में मौसम का हाल जानिए:
- कानपुर: तापमान अब तेजी से चढ़ने लगा है। अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है।
- आगरा: सुबह से तेज धूप परेशान कर रही है। पर्यटक भी परेशान दिख रहे हैं। सोमवार दोपहर ताजमहल में विदेशी महिला पर्यटक गश खाकर गिर पड़ी।
- सहारनपुर: सुबह से तेज धूप निकली है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया है। आज दिन में पारा 39 डिग्री तक पहुंच सकता है।
- वाराणसी: वाराणसी में सुबह से ही तेज धूप है। घाटों पर सुबह 10 बजे के बाद ही सन्नाटा दिखने लगता है। आज गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है
- मेरठ: सुबह से धूप है। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. यूपी शाही ने बताया कि लू चलने से रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है।
लू क्या होती है? तेज गर्म हवा चलने को लू कहा जाता है। अप्रैल से लेकर जून के महीने में यह समस्या ज्यादा होती है, क्योंकि इन तीन महीनों में ही पारा बहुत ज्यादा होता है और बहुत गर्म और सूखी हवाएं चलती हैं।
लू कब लगती है? लू तब लगती है, जब टेम्प्रेचर बहुत ज्यादा हो। उसी टाइम देर तक आपका चेहरा और सिर डायरेक्ट हवा और धूप के संपर्क में रहता है, तो लू लग जाती है।
किन वजहों से लू लगती है? लू लगने की कोई एक या दो वजहें नहीं हैं। बल्कि कई हैं जो लाइफस्टाइल से जुड़ी हुई हैं जैसे-
- ठंडे मौसम से या एसी रूम से एकदम से तेज धूप और गर्मी में आ जाना।
- गर्म हवाओं और धूप में कई घंटे तक रहना।
- तेज गर्मी में खूब एक्सरसाइज करना।
- शरीर की जरूरत से कम पानी पीना।
- ठंडी तासीर वाली चीजें न खाने से।
- चुभने वाले कपड़े पहनना। जिनसे हवा पास ना होती हो।
- इस मौसम में अल्कोहॉल बहुत ज्यादा पीना।
कैसे पता चलेगा कि हमें लू लगी है? नीचे दिए गए लक्षण जब शरीर में दिखें, तो इसका मतलब आपको लू लगी है।
- शरीर का टेम्प्रेचर लगभग 101 या 102 डिग्री से ज्यादा हो।
- शरीर गर्म और लाल हो जाता है।
- पानी पीने पर भी बार-बार प्यास लगे।
- स्किन ड्राई होने लगती है।
- पसीना आना बंद हो जाता है।
- जी मिचलाने लगता है।
- उल्टी-दस्त होने लगती है।
- कमजोरी और थकावट लगती है।
- सिर दर्द और चक्कर आने लगता है।
- हार्ट बीट बढ़ जाती है और सांसें तेज चलने लगती हैं।