नए कानून के तहत वक्फ संपत्तियों की पहचान के लिए GPS और ड्रोन सर्वे जैसी आधुनिक तकनीक इस्तेमाल की जाएगी। जिलाधिकारी और राजस्व अधिकारियों की भूमिका को बढ़ाया गया है। अपील की व्यवस्था भी लागू की गई है।
यह कहना है समाज कल्याण विभाग मंत्री असीम अरुण का। अपने कार्यकाल को भ्रष्टाचार मुक्त बताया। औरंगजेब के मुद्दे पर कहा- हमें इतिहास की गलतियों से सबक लेना चाहिए।
अवैध कब्जे हटेंगे, सख्त कार्रवाई होगी
अंबेडकरनगर में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विपक्ष के आरोपों पर कहा- कार्रवाई केवल अवैध कब्जों के खिलाफ हुई है। बच्ची की किताबें हटाने की बातें अलग-अलग रूप में कही गई हैं, लेकिन इस तरह की मार्मिक प्रस्तुतियों से हकीकत नहीं बदली जा सकती। सरकार का अवैध कब्जे को लेकर स्पष्ट रुख है। जहां भी अवैध कब्जा है, उसे हटाया जाएगा।
वक्फ कानून से भूमाफिया में मचा हड़कंप
वक्फ कानून को लेकर मुस्लिम समुदाय में आक्रोश की बात को नकारते हुए कहा कि विरोध वास्तविक मुस्लिम समुदाय से नहीं, बल्कि भूमाफिया से है। कुछ मुतवल्ली वक्फ खातों में दो रुपए जमा कर दो लाख की बंदरबांट करते हैं। अब ऐसे लोगों की दुकान बंद हो जाएगी।
इतिहास की गलतियों से सबक लें
औरंगजेब की कब्र की खुदाई को लेकर कहा- इतिहास की सच्चाई को स्वीकारना चाहिए। औरंगजेब ने हिंदुओं पर जजिया कर लगाया। धार्मिक अत्याचार किए। ये बातें इतिहास में दर्ज हैं। इससे हमें सबक लेना जरूरी है, ताकि भविष्य में दोहराव न हो।
3 साल के कार्यकाल को बताया जनकल्याणकारी
तीन साल के कार्यकाल को सफल और जनकल्याणकारी बताते हुए कहा- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मंत्रिमंडल को पूरी स्वतंत्रता के साथ काम करने का अवसर मिला है। भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई की गई है। समाज कल्याण की योजनाओं को आधार और जन धन खातों से जोड़कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
वाराणसी गैंगरेप पर सरकार ने दिखाई सख्ती
वाराणसी में छात्रा के साथ हुए गैंगरेप को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस मामले को संज्ञान में लिया है। सड़क अपराधों में भारी कमी आई है। सरकार का फोकस महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर है। कोर्ट से दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन कनविक्शन अभियान चलाया जा रहा है।
मनमोहन सिंह से भी बहुत कुछ सीखा
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ काम करने के अनुभव पर मंत्री ने कहा- 2004 से 2008 तक वह एसपीजी में तैनात थे। तीन वर्षों तक मनमोहन सिंह की सुरक्षा टीम का नेतृत्व किया। इस दौरान बहुत कुछ सीखा।