राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को जयपुर, जोधपुर सहित 17 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी है। इनमें से 4 जिलों के लिए रेड अलर्ट है। इससे पहले बुधवार को जैसलमेर में दिन का अधिकतम तापमान 46° सेल्सियस पहुंच गया, जो 6 साल में अप्रैल का सर्वाधिक तापमान रहा।
मध्य प्रदेश में भी बारिश के बाद गर्मी का असर बढ़ गया है। बुधवार को प्रदेश के 9 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। सबसे गर्म रतलाम रहा। जहां तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। आज भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में भी तापमान बढ़ सकता है।
उधर, तेलंगाना के 28 जिलों में कम से कम 15 दिनों तक लू की आशंका है। इसे देखते हुए सरकार ने लू को आपदा घोषित कर दिया है। सरकार ने लू लगने से मरने वालों के परिजन को 4 लाख रुपए की सहायता का भी ऐलान किया है। तेलंगाना ऐसा करने वाला संभवतः देश का पहला राज्य है।
गर्मी के बीच, मौसम विभाग ने यूपी, बिहार समेत देश के 24 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान जताया है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम और बिहार में भारी बारिश की आशंका है। वहीं, छत्तीसगढ़ में ओले और बिहार, पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
जम्मू का मौसम अचानक बदला, आंधी से पेड़ उखड़े
जम्मू में बुधवार शाम मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज हवाओं और बारिश की वजह से सिविल सेक्रेटेरिएट की बाउंड्री का एक हिस्सा गिर गया। कई वाहन दीवार के मलबे की चपेट में आ गए। हालांकि किसी को चोट नहीं आई।
इसके अलावा शहर में मोबाइल टावर, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की भी खबर है। वहीं, रामबन जिले में ओले गिरने से कुछ पशुओं की मौत हो गई। ओले और बारिश के बाद भूस्खलन से राजौरी जिले के पास जम्मू-पुंछ नेशनल हाईवे बंद हो गया।
हिमाचल में कल से बारिश का ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओले, बर्फबारी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 से 22 अप्रैल तक प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
इस वजह से प्रदेश के तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री कम हो सकता है। हालांकि, 22 अप्रैल के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल तक प्रदेश में केवल 10 mm बारिश हुई है, जबकि इस दौरान 35 mm के आसपास बारिश होनी चाहिए। यह लगभग 70 प्रतिशत की कमी है।