सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद कई लापता, 3 शव मिले:इनमें सेना के जवान भी शामिल; पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़-लैंडस्लाइड से अब तक 37 मौतें

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में पिछले चार दिनों में भारी बारिश जारी है। बारिश के कारण सिक्किम के चट्टेन में लैंडस्लाइड हुआ, जिसमें कई लोग लापता हैं। अब तक तीन शव मिले हैं। इनमें सेना के जवानों के शव भी हैं। घटना रविवार शाम 7 बजे की है। भारतीय सेना ने सोमवार को इसकी जानकारी दी है। मृतकों की पहचान और सर्च ऑपरेशन जारी है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ और लैंडस्लाइड से अब तक करीब 37 लोगों की मौत हुई है। इसमें असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 मौतें शामिल हैं। IMD ने पूर्वोत्तर राज्यों में 5 जून तक बारिश की आशंका जताई है।

बाढ़-लैंडस्लाइड प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने के लिए भारतीय सेना, एयरफोर्स और असम रायफल्स के जवानों को तैनात किया गया है। असम के 19 जिलों में 3.64 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। सड़क और रेल सेवाएं ठप हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

मणिपुर में बाढ़ से 19,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मूसलाधार बारिश के कारण 3,365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। रविवार को रेस्क्यू टीमों ने प्रभावित जिलों से 1,500 से ज्यादा लोगों को बचाया। रेस्क्यू की तस्वीरें में अधिकारियों को अपनी पीठ पर उठाकर लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाते हुए देखा गया।

त्रिपुरा में 10 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल में भारी बारिश के कारण 2 जून को सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। 30 मई से अब तक राज्य में लैंडस्लाइड की 211 घटनाएं हुई हैं। सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में 30 मई से फंसे एक हजार से ज्यादा टूरिस्टों को आज निकाला जा रहा है।

इधर, राजस्थान के 30 जिलों और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में बारिश का अलर्ट है। बिहार के वैशाली में रविवार शाम तेज आंधी-बारिश के कारण एक घर गिरने से 60 साल की महिला की मौत हो गई। राज्य के 9 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी है।