पाकिस्तान से यूपी की तरफ बढ़ रहा साइक्लोन:लखीमपुर, कानपुर और लखनऊ में तेज हवाओं के साथ बारिश, 34 जिलों में अलर्ट

यूपी में मौसम फिर बदल गया है। लखीमपुर खीरी में मंगलवार सुबह तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। लखनऊ में सुबह से बादल छाए हैं, हल्की बारिश हो रही है। आगरा और कानपुर समेत कई जिलो में बादल छाए हुए हैं, तेज हवाएं चल रही हैं।

मौसम विभाग ने आज 34 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से मौसम में बदलाव हुआ है।

सोमवार की बात करें तो झांसी, कानपुर देहात, फतेहपुर समेत 5 जिलों में बारिश हुई। सुल्तानपुर में 60 किमी प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चली। इससे मार्केट का छज्जा टूटकर सड़क पर खड़ी कार पर गिर गया। कार चकनाचूर हो गई। विकास भवन की प्रेरणा कैंटीन उखड़कर एक कार पर गिरी।

BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा – बारिश से तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आएगी। अगले 3 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

पाकिस्तान से यूपी की तरफ बढ़ रहा साइक्लोन BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- मध्य पाकिस्तान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इसके पीछे एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव है। यह तेजी से राजस्थान से होते हुए यूपी की तरफ बढ़ रहा है।

इस कारण पश्चिमी यूपी में तेज चक्रवाती हवा के साथ बारिश के आसार हैं। इसके आगे बढ़ने पर मंगलवार को पूर्वांचल में भी तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद पांच जून से पश्चिमी विक्षोभ के कारण पारा एक बार फिर जोर पकड़ेगा।

लखनऊ में सुबह से हल्की बारिश

लखनऊ में मौसम बदला गया है। तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई है। सुबह से बादल छाए हुए हैं। आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिन में आंधी के साथ एक से दो बार हल्की से मध्यम बारिश संभव है। आंधी की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। दिन में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना है। देर रात न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया।

कानपुर में बूंदाबांदी

कानपुर में मौसम रात से ही बदला हुआ है। सोमवार रात को हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं मंगलवार सुबह भी बूंदाबांदी हुई। घने बादल छाए हुए हैं। सोमवार को पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही। वहीं शाम को कुछ क्षेत्रों में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। पूरी रात बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम को बूंदाबांदी से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

आगरा में सुबह से छाए बादल

आगरा में सुबह से बादल छाए हुए हैं। सोमवार रात में बूंदाबांदी हुई थी। तेज हवाएं चलने से मौसम सुहाना हो गया है। फिलहाल गर्मी और उमस से राहत है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 जून तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक बोले – 6 जून से चढ़ेगा पारा

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया – यूपी में सोमवार से ही छिटपुट बारिश की शुरुआत हो गई है। तराई वाले क्षेत्रों में बारिश से तापमान में भी दो से चार डिग्री की गिरावट आएगी। मंगलवार को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। 6 जून से गर्मी बढ़ना शुरू होगी। तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

जून के लास्ट वीक में यूपी में पहुंचेगा मानसून

केरल में मानसून समय से 8 दिन पहले 24 मई को पहुंच गया था। पहले मौसम वैज्ञानिकों ने संभावना जताई थी कि यूपी में मानसून 15 से 16 जून के बीच पहुंच जाएगा। यानी तय डेट 18 जून से 2-3 दिन पहले। लेकिन, मानसून ठहर जाने से इसमें अब 7 से 10 दिन की देरी हो सकती है। अब जून के लास्ट वीक में ही मानसून के यूपी पहुंचने की उम्मीद है।

जून महीने में गर्मी कैसी रहेगी?

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, जून में मौसम औसतन सामान्य से कम गर्म रहेगा। हीट वेव और वार्म-डे की संख्या भी सामान्य से कम रहेगी। अगले एक सप्ताह में 3 से 4 डिग्री तापमान गिरेगा, फिर 6 डिग्री बढ़ेगा।

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक, जून गर्म रहने वाला है, क्योंकि मानसून में ब्रेक लग गया है। अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री तक जा सकता है। लेकिन, महीने के आखिर तक यूपी में मानसून की एंट्री हो जाएगी। इसलिए तापमान में 4 से 5 डिग्री गिरावट भी दर्ज की जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अब तक एक दिन भी हीट-वेव की स्थिति यूपी में नहीं बनी। जून के पहले सप्ताह के बाद हीट-वेव की स्थिति बन सकती है।