सिरसा जिले में भाजपा मंडल अध्यक्ष और एक आरटीआई कार्यकर्ता की कथित रूप से रिश्वत मांगने की ऑडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि निर्माण कार्यों में अनियमितताएं दिखाकर ठेकेदार से एक लाख रुपए की मांग की गई।
मामला गांव सुखेरा खेड़ा के जलघर और गलियों के निर्माण कार्य से जुड़ा है। शुरू में अनियमितताओं के आरोप लगने पर ठेकेदार ने 15 सदस्यीय निगरानी कमेटी बनाई थी, जिसमें आरटीआई कार्यकर्ता गोपीराम भी शामिल थे। भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार ने भी ग्रामीणों की मांग पर निरीक्षण किया था और एसडीओ को जांच के लिए सूचित किया था।
फरवरी-मार्च में हुई इस कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य जारी है। इस बीच आरटीआई कार्यकर्ता की ठेकेदार के सहायक से व्हाट्सएप पर बातचीत हुई, जिसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष के नाम पर पैसों की डील की चर्चा हुई। सहायक प्रवीण कुमार ने यह वार्तालाप रिकॉर्ड कर ली, जो अब वायरल हो गई है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष का कहना है कि यह उनके खिलाफ साजिश के तहत रचा गया प्रोपेगंडा है। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
एक लाख की डिमांड
वायरल ऑडियो में ठेकेदार के सहायक प्रवीण कुमार और आरटीआई कार्यकर्ता के बीच हुई बातचीत में गलियों में घटिया सामग्री के प्रयोग की शिकायत का समझौता करने के लिए “एक के पीछे पांच बिंदियां” यानी एक लाख रुपए की मांग की गई है।
एक अन्य वायरल ऑडियो में बातचीत के प्रमुख अंश
- “40 हजार में ना है उसकी”
- “40 हजार में कोनी बात बन कै”
- “उसके तो पांच बिंदिया चालै”
- “वो तो लाख से ऊपर बात कर है”
ठेकेदार के सहायक प्रवीण कुमार और भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार की व्हाटसप कॉल पर हुई बातचीत, जिसमें आरटीआई एक्टिविस्ट को मनाने की बात हो रही है। इसमें मंडल अध्यक्ष पर समझौता करवाने का आरोप लगा है।
प्रवीण- हैलो, हां जी।
विनोद कुमार- अच्छा। वो कोनी माने या बात नहीं बनते लग रही ना।
प्रवीण – के कहवे है वो।
विनोद कुमार- वो दो चार गली और हैं। पर्ची दिखा दी
प्रवीण – किसकी पर्ची दिखा दी।
विनोद कुमार – गांव में अंबेडकर मूर्ति के लिए कटवाई पर्ची के बारे में उड़ा दी मेरी।
प्रवीण – हमने भी नहीं उड़ाई यानी फैलाई।
विनोद कुमार – कल गांव में, कुछ सामान की जरूरत होगी। निर्माण सामग्री की।
प्रवीण- हां सीमेंट मांगी थी। सीमेंट का कट्टा मांगा था, वो दे दिया था मैंने। सीधी बात हुई है।
विनोद कुमार – आपने यह कही थी क्या, काम हो जा, एक बार फेर ले लिए।
प्रवीण – हां मैंने कही थी। उसने बजरी-क्रेशर मांगी थी। ये तो गलत काम हो जागा। बाद में यह कह दिए कि ठेकेदार से पैसे देकर लाया हूं। नहीं तो यहां काम में दिक्कत हो जाएगी।
विनोद कुमार – वहां से लावै ही क्यूं।
प्रवीण – फिर कहां से लाएं। बताओ। उसने मांगा ही वाटर वर्कर्स से था। दुकान से लाना था तो बता देता।
विनोद कुमार – बदनामी से डर लागै तो वहां से क्यूं लाएं।
प्रवीण – बदनामी का डर है तो मुझे बता देगा कि कहां से सामान लाना है। मैं दुकान से दिलवा दूंगा। डायरेक्ट दुकान से दिला देंगे।
विनोद कुमार – सही है।
प्रवीण – उसने पूछ लो, मैंने बता दो। मैं उससे मिल लूंगा डायरेक्ट। अगर वो कहता हो कि सामान नहीं, पैसे चाहिए तो पैसे दे देंगे।
विनोद कुमार – हां
प्रवीण – सामान दिलाया तो वो भी पैसे लगेंगे और अगर पैसे दे दिए तो वो एक ही बात है।
विनोद कुमार – हां जी
प्रवीण – गलत बात है या सही है, थाम म्हारा समझौता करवा दो।
विनोद कुमार – सही बात है
प्रवीण – ठीक है जी प्रधान।
विनोद कुमार – मैंने तो कोई दलाली खाणी कौनी भाई साहब, थाम दोनों की आपस में सुलझ जे वो ठीक है।
प्रवीण – थाम सुलझा दो, चाहे किसी भी तरह।
विनोद कुमार – आपा न तो कोई लोड कोनी। सीमेंट की, क्रेशर की, क्या चीज की आपा नै जरूरत कोनी भाई साहब। थारी समझौता वाली बात है, वा देखा गे, किसी तरह हो जाए तो।
प्रवीण – हां, करवा दो। थाम कहोगे वहीं आ जाऊंगा।
विनोद कुमार – चलो ठीक है।
मेरी छवि को धूमिल करने के लिए यह साजिश रची : मंडल अध्यक्ष
सिरसा के डबवाली से अबूबशहर के भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार का ऑडियो वायरल पर कहना है कि मेरी छवि को धूमिल करने के लिए यह साजिश के तहत प्रोपेगंडा रचा गया है। मेरे को ठेकेदार प्रवीण कुमार ने व्हाट्सप कॉल कर इस जानकारी से अवगत करवाया कि गोपीराम आरटीआई एक्टिविस्ट द्वारा एक लाख रुपए की मांग की बात की गई। साजिशकर्ताओं ने दो फोनों का कॉल कर ये मेरी कॉल रिकॉर्डिंग दूसरे फोन के माध्यम से बना ली।
कार्यों में अनियमितताएं बता एक लाख रुपए मांगे : सहायक
ठेकेदार के सहायक प्रवीण कुमार का कहना है कि गांव सुखेरा खेड़ा में जलघर के निर्माण कार्यों के दौरान उसे भाजपा मंडल अध्यक्ष व आरटीआई एक्टिविस्ट गोपीराम द्वारा मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया गया। जिसमें कार्यों में अनियमितताएं दिखाकर उससे एक लाख रुपए देने की डिमांड की गई। जिस पर आरटीआई एक्टिविस्ट ने भाजपा मंडल अध्यक्ष को मीडिएटर के रूप में भूमिका निभाने के लिए सम्मिलित किया गया।
दो से तीन लोगों ने रुपए ऐंठने का प्रोपेगंडा हुआ : सरपंच
गांव सुखेरा खेड़ा के सरपंच मंहगाराम ने बताया कि गांव का ही आरटीआई एक्टिविस्ट गोपीराम ने गांव में हो रहे प्रत्येक विकास कार्यों में अड़चन डालने का प्रयास किया है। जबकि हर विकास कार्यों में कोई धांधली नहीं है। दो से तीन लोगों द्वारा रुपए ऐंठने का एक प्रोपेगंडा रचा हुआ है।