कांग्रेस में नेता चयन का सस्पेंस बरकरार, फिर होगी बैठक:सरकार को घेरने पर बनी रणनीति, कल शाम तेजस्वी के आवास पर मीटिंग

पटना के एक होटल में आज कांग्रेस की बड़ी बैठक हुई है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू सहित बिहार के सभी 6 विधायक मौजूद रहे। कल बजट जारी होने के बाद सरकार को किस तरीके से घेरना है इस पर रणनीति बनी है।

विधायक दल के नेता को लेकर अंतिम मुहर लगनी थी, पर वो नहीं लगी। विधायक दल के नेता को लेकर आगे फिर मीटिंग होगी। पार्टी के 6 विधायकों के बीच इस पर आपस में सहमति नहीं बन पाने के कारण अब तक यह मामला अटका हुआ है।

सूत्रों के हवाले से सभी 6 विधायक को सदन में तेजस्वी के साथ रहने को कहा गया है। महागठबंधन की एकजुटता को दिखाने की बात कही गई है। कल शाम 5:00 बजे महागठबंधन की तेजस्वी आवास पर बैठक होगी। महागठबंधन के सभी विधायक इसमें मौजूद रहेंगे।

चुनाव के 2 महीने के बाद भी विधायक दल का नेता नहीं

विधानसभा चुनाव परिणाम के 2 महीने बाद भी कांग्रेस प्रदेश में विधायक दल का नेता नहीं चुन पाई है। इस बीच विधानसभा का एक सत्र बीत चुका है और आज से बजट सत्र शुरू है। 23 जनवरी को दिल्ली में बिहार कांग्रेस की बड़ी बैठक थी।

ऐसे में दिल्ली तलब किए गए विधायकों की मौजूदगी में आलाकमान बिहार में विधायक दल के नेता पर अंतिम मुहर लगाने की बात थी। मगर तब भी बात नहीं बनी।

बैठक में नहीं मौजूद रहने पर पार्टी छोड़ने की अफवाह

प्रदेश नेतृत्व की ओर से सदाकत आश्रम में बुलाई गई बैठकों में कई विधायक मौजूद नहीं रहे थे। उनकी गैरमौजूदगी के बाद अब दिल्ली में क्राइसिस मैनेजमेंट की कवायद की गई है। मनरेगा आंदोलन के लिए बुलाई गई बैठक में कांग्रेस के 2 विधायक मौजूद नहीं थे।

इस बैठक में चनपटिया के अभिषेक रंजन और वाल्मीकिनगर के सुरेंद्र प्रसाद नहीं आए थे। वहीं, सोमवार को प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू की बुलाई बैठक में भी मनिहारी के विधायक मनोहर सिंह मौजूद नहीं थे। इसके बाद से ही कांग्रेस में टूट की कयास लगाई जा रही थी।

2 विधायकों पर विचार कर रहा कांग्रेस

कांग्रेस विधायकी या सांगठनिक वरीयता के आधार पर विधायक दल का नेता चुन सकती है। इसमें मनिहारी से विधायक मनोहर प्रसाद सिंह और चनपटिया से अभिषेक रंजन का नाम सामने आ रहा है।

मनोहर प्रसाद सिंह चौथी बार विधायक चुने गए हैं। वे आदिवासी समुदाय से आते हैं। वहीं, अभिषेक रंजन पहली बार विधायक बने हैं, परंतु युवा कांग्रेस में प्रदेश स्तर पर वह महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।