दक्षिण पूर्वी अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान टाक्टे भारत के तटवर्ती इलाकों में तबाही मचा रहा है। इस दौरान भारी बारिश और तेज हवा से सैकड़ों घर उजड़ गए और हजारों लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। वहीं टाक्टे तूफान से प्रभावित लोगों के लिए अब बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने अपनी चिंता जाहिर की है। साथ ही सरकार से उनकी मदद करने की अपील की है।
सोनू सूद फिल्मों के साथ कोरोना वायरस से प्रभावित मरीजों, गरीब, मजदूरों और परेशान लोगों की मदद करने की वजह से चर्चा में रहते हैं। बीते एक साल से वह हजारों लोगों की मदद कर चुके हैं। अब उन्होंने अरब सागर के मध्य में फंसे भारतीयों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। साथ ही उनकी मदद के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा से गुजारिश की है।
दिग्गज अभिनेता ने यह गुजारिश सोशल मीडिया पर की है। सोनू सूद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह इसके जरिए परेशान लोगों की फरियादों को भी सुनते रहते हैं और उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। सोनू सूद ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर अरब सागर में फंसे भारतीयों की मदद के लिए मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा से अपील की है।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘हमें उन लोगों की जान बचाने की जरूरत है जो अरब सागर के बीच में तूफान टाक्टे की वजह से फंस गए हैं। मुख्यमंत्री सर, आपसे अनुरोध है कि इन कीमती जिंदगियों को बचाने में हमारी मशीनरी का इस्तेमाल करें।’ सोशल मीडिया पर सोनू सूद का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता के फैंस उनके ट्वीट को पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
वहीं आपको बता दें कि अरब सागर से उठा समुद्री तूफान टाक्टे केरल, कर्नाटक और गोवा के तटवर्ती इलाकों में तबाही मचाते हुए रविवार को आगे बढ़ गया। इस दौरान भारी बारिश और तेज हवा से सैकड़ों घर उजड़ गए और हजारों लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। इस दौरान तूफान से जुड़े हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ के साथ नौसेना और वायुसेना भी मुस्तैद है।