डीप फेक वीडियो मामले में क्राइम ब्रांच को मिले सुराग:यूपी के खाते में गया पैसा, बिहार के ATM से निकाला, क्राइम ब्रांच ने मांगे फुटेज

इंदौर में 10वीं क्लास के छात्र का डीप फेक वीडियो बनाकर माता-पिता से कीडनैपिंग के नाम पर 1 लाख से ज्यादा ठगने के मामले में क्राइम ब्रांच को कुछ सुराग हाथ लगे हैं। टीम को ये जानकारी मिली है कि जिस नंबर से उन्हें कॉल किया गया था वह सिम हरियाणा की है और क्यूआर कोड के माध्यम से जो पैसा लिया गया था वह यूपी के बैंक खाते में गया है। इन पैसों को बिहार के एक एटीएम से निकाला गया है।

ये सुराग हाथ लगने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने संबंधित बैंक को ई-मेल भी किए और एटीएम के फुटेज भी मांगें है, ताकि आरोपी का पता लगाया जा सके। संभावना है कि क्राइम ब्रांच की टीम जल्द ही यहां भी जा सकती है।

दरअसल, कुछ दिनों पहले यह मामला क्राइम ब्रांच के पास आया था। स्कूल की छुट्टियां होने पर 10वीं क्लास के छात्र को परिवार ने डांट दिया था। जिसके बाद वह ट्यूशन गया और वापस नहीं लौटा था।

परिवार ने बच्चे के वापस नहीं आने पर उसका फोटो और कॉन्टैक्ट नंबर सोशल मीडिया पर जारी कर दिए थे। जिसके बाद उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी एमआईजी थाने में की थी।

डीप फेक वीडियो दिखाकर ठगे 1 लाख से ज्यादा

बेटे के लापता होने के अगले दिन परिवार के पास वीडियो कॉल आया, जिसमें बदमाश ने अपना चेहरा छिपा रखा था। बदमाश ने बच्चे के फोटो से डीप फेक वीडियो बनाया और परिवार के लोगों को ऐसा बताया कि उनका बच्चा उसके पास है।

परिजन भी वीडियो देख धोखा खा गए। बदमाश ने बच्चे की पीठ पर चाकू मारा और कहने लगा था कि अगर उसकी डिमांड पूरी नहीं कि तो वह बच्चे को मार देगा। इस पर परिवार के लोगों ने उसकी डिमांड पूरी करते हुए उसके द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर 1 लाख 2 हजार रुपए भेज दिए।

बच्चे ने बताया- वह सांवरिया सेठ में है

इस घटना के अगले दिन बच्चे ने अपने फ्रेंड को कॉल कर बताया कि वह सांवरिया सेठ में है। इसकी जानकारी जब परिवार के लोगों को मिली। जब वे बच्चे के पास पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उसका कीडनैप हुआ ही नहीं था। किसी ने फेक वीडियो कॉल कर उनसे पैसे ठग लिए, जिसके बाद परिवार ने इसकी शिकायत की। इस मामले में क्राइम ब्रांच जांच कर रही है।

हरियाणा की सिम, बिहार के एटीएम से पैसा

एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि इस मामले में क्राइम ब्रांच की जांच जारी है। टीम को ये जानकारी मिली है कि जिस नंबर से कॉल किया गया था वह सिम हरियाणा की है, जबकि जिस क्यूआर कोड के माध्यम से रुपए ट्रांसफर किए गए वह यूपी के बैंक खाते में गए है और इन रुपयों को बिहार के एटीएम से निकाला गया है।

टीम ने खाते की जानकारी और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज व अन्य जानकारी के लिए संबंधित बैंक को ई-मेल किया है। इसके साथ ही अन्य जानकारियां भी टीम द्वारा निकाली जा रही है। संभवत: आगामी दिनों में टीम यहां भी जा सकती है।

E-Paper 2025