जज के पिता की हत्या में 2 गिरफ्तार:मुरादाबाद में हिस्ट्रीशीटर साले ने की थी हत्या,HS का दामाद और दोस्त जेल गए

मुरादाबाद में जज के पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर के दामाद और दोस्त को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। पुलिस की टीमें हिस्ट्रीशीटर जफर और केस में वांटेड उसके दो बेटों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए हिस्ट्रीशीटर के कुछ रिश्तेदारों को भी हिरासत में लिया है। बुलंदशहर में एडिशनल सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आसमां सुल्ताना के पिता और शहर की मशहूर अलवीना बेकरी के संचालक मोहम्मद असद (65 साल) की शनिवार शाम करीब 7:30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को उनके साले और नागफनी थाने के हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद जफर ने बंगला गांव चौराहे पर अंजाम दिया था। बेकरी संचालक असद और उनके साले जफर के बीच पारिवारिक प्रॉपर्टी को लेकर विवाद था। घटना के समय मोहम्म्द असद अपने दूसरे साले मजाहिर उर्फ डेनियल के साथ स्कूटी से तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद जा रहे थे। असद स्कूटी चला रहे थे जबकि उनका साला मजाहिर स्कूटी पर पीछे बैठा था। बंगला चौराहे पर बाइक से आए जफर ने असद की कनपटी से सटाकर गोली मारी थी। असद की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में घटना के चश्मदीद रहे बेकरी संचालक के छोटे साले मजाहिर ने अपने बड़े भाई डहरिया निवासी हिस्ट्रीशीटर जफर, जफर हुसैन पुत्र मुजफ्फर हुसैन निवासी डहरिया, जफर के बेटे सैफुल और हुसैन, दामाद मोहम्मद फैजान पुत्र मोहम्मद इस्लाम निवासी मोहल्ला कानून गोयान थाना मुगलपुरा और जफर के दोस्त आलमगीर पुत्र बली मोहम्मद निवासी मकबरा प्रथम को नामजद किया था। पुलिस ने इस मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर जफर हुसैन के दोस्त आलमगीर और दामाद मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह दोनों वारदात की साजिश में शामिल थे। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस की टीमें मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर जफर और उसके दोनों बेटों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छामपारी कर रही हैं

E-Paper 2025