पलवल सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत:तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर; सामान लेने गए थे, बेटे की शिकायत पर केस दर्ज

पलवल जिले में मिंडकोला-सोहना मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामचंद्र सदा के रूप में हुई है, जो समस्तीपुर (बिहार) के निवासी थे। हथीन थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हथीन थाना इंचार्ज हरी किशन के अनुसार, मृतक रामचंद्र सदा मिंडकोला गांव स्थित एक ईंट भट्‌टे पर मजदूरी करते थे। 26 फरवरी की रात वे भट्‌टे से कुछ सामान लेने के लिए मिंडकोला गांव के अड्डे पर गए थे। इसी दौरान सोहना की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

व्यक्ति की मौके पर मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मिंडकोला चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। 28 फरवरी को मृतक के बेटे मौसम कुमार ने अस्पताल की मोर्च्युरी में पहुंचकर शव की पहचान अपने पिता रामचंद्र के रूप में की।

ड्राइवर पर केस दर्ज

मौसम कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस हादसे की सूचना गांव के ही एक अन्य व्यक्ति राधेश्याम से मिली थी, जिसके बाद वह बिहार से पलवल पहुंचे। हथीन थाना पुलिस ने मौसम कुमार की शिकायत पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही

पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपी वाहन और उसके ड्राइवर का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

E-Paper 2025