हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक ‘दाजी’ (कमलेश डी. पटेल) 24 मार्च को उदयपुर आएंगे। श्री रामचंद्र मिशन एवं हार्टफुलनेस संस्थान उदयपुर केंद्र के समन्वयक डॉ. राकेश दशोरा ने बताया- राज्य सरकार के ‘राज्य अतिथि’ के रूप में दाजी का यह दौरा है। उनके आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग कमेटियां बना उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है। आवास, सुरक्षा, यातायात और बैठक व्यवस्था आदि कमेटी शामिल है।
दाजी 24 मार्च को कोटा से चित्तौड़गढ़ पहुंचेंगे। जहां आध्यात्मिक चर्चा के बाद शाम को उदयपुर आएंगे। यहां वे सबसे पहले चित्रकूट नगर स्थित नवनिर्मित हार्टफुलनेस केंद्र का अवलोकन करेंगे। इसके बाद इसी केंद्र पर शाम 6:30 बजे विशेष ध्यान सत्र आयोजित करेंगे। दूसरे दिन 25 मार्च को सुबह 7:30 बजे और शाम 6:30 बजे विशेष आध्यात्मिक चर्चा एवं ध्यान कराएंगे।
श्रीरामचंद्र मिशन के चौथे मार्गदर्शक हैं दाजी
दाजी श्री रामचंद्र मिशन के चौथे आध्यात्मिक मार्गदर्शक हैं। गुजरात में जन्मे और अमेरिका में सफल फार्मासिस्ट रह चुके। बाद में ध्यान पद्धति अपनाया और इसका प्रचार-प्रसार किया। पद्मभूषण से सम्मानित दाजी की ‘द हार्टफुलनेस वे’ और ‘विजडम ब्रिज’ प्रमुख पुस्तकें हैं। वर्तमान में 160 से अधिक देशों में लोग इनके मार्गदर्शन में ध्यान पद्धति से जुड़े हैं।
संस्थान का वैश्विक प्रभाव और मिशन: डॉ. दशोरा ने बताया कि हार्टफुलनेस संस्थान का वैश्विक मुख्यालय हैदराबाद स्थित ‘कान्हा शांतिवनम’ है। जहां विश्व का सबसे बड़ा ध्यान केंद्र है। यहाँ एक साथ 1 लाख लोग बैठकर ध्यान कर सकते हैं। वर्तमान में संस्थान देश भर के लगभग 20 हजार प्रशिक्षकों के माध्यम से आजीवन निःशुल्क ध्यान सत्र का आयोजन कर आध्यात्मिकता का प्रचार-प्रसार कर रही है।