फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद कैदियों और हवालातियों से मोबाइल फोन और अन्य पाबंदीशुदा सामान बरामद होने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार रात जेल प्रशासन द्वारा विभिन्न बैरकों की तलाशी के दौरान एक बार 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए है और इस संबंध में जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने 6 हवालातियों के खिलाफ दो अलग-अलग केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरियाणा का रहने वाला है एक हवालाती
पुलिस को दी पहली शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक भिवम तेज सिंगला ने बताया कि जेल कर्मचारियों द्वारा अचानक की गई तलाशी के दौरान हरियाणा के भवाना निवासी हवालाती अमित उर्फ छोटू के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं दूसरी शिकायत के अनुसार सहायक सुपरिंटेंडेंट गुरचरण सिंह की निगरानी में जेल की अलग-अलग बैरकों की जांच की गई।
इस दौरान कोटकपूरा निवासी गगनदीप सिंह, अनमोल सिंह, फाजिल्का निवासी राज सिंह, मुक्तसर निवासी धर्मपाल तथा फरीदकोट के गांव हरीनौ निवासी गुरमनदीप सिंह से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों मामलों में थाना सिटी पुलिस ने उक्त कुल 6 हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए है।
नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी पुलिस: डीएसपी
इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा अब नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। यह भी जांच की जाएगी कि जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचे। यदि किसी जेल अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।