बारां, भवानीमंडी को मिली 2 ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी:सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने की घोषणा

बारां और भवानीमंडी को लंबी दूरी की 2 ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी मिल गई है। सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने इन ठहरावों की घोषणा की है। यह निर्णय मंगलवार को सांसद सिंह की रेल मंत्री के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया। रेलवे बोर्ड ने इन ठहरावों को हरी झंडी दे दी है, हालांकि इनके प्रारंभ होने की तिथि अलग से घोषित की जाएगी।

क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य धीरज गुप्ता ने बताया कि 20481-82 भगत की कोठी-तिरुचिरापल्ली हमसफ़र एक्सप्रेस को बारां में ठहराव दिया गया है। वहीं, 12937-38 गांधीधाम-हावड़ा गरभा एक्सप्रेस भवानीमंडी में रुकेगी।

गुप्ता के अनुसार, बारां में हमसफर एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को जयपुर, जोधपुर, नागपुर, विजयवाड़ा, चेन्नई और तिरुचिरापल्ली तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी। इसी तरह, गरभा एक्सप्रेस के ठहराव से भवानीमंडी के यात्री गांधीधाम, अहमदाबाद, रतलाम, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, गया, धनबाद, आसनसोल और हावड़ा तक यात्रा कर सकेंगे।

सांसद सिंह ने इन ठहरावों को झालावाड़ लोकसभा क्षेत्र के लिए धार्मिक और व्यावसायिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र की जनता को बधाई दी।