खाड़ी देश में युद्ध के कारण पेट्रोलियम आयात में आई बाधा का असर अब बेगूसराय सहित पूरे बिहार में भी दिखने लगा है। पेट्रोलियम कंपनियां भले ही डीजल-पेट्रोल कमी नहीं होने की बात कर रही है। लेकिन पेट्रोल पंपों को पेट्रोल और डीजल के आपूर्ति नियम में बदलाव किए जाने के कारण बेगूसराय के 10 से अधिक पेट्रोल पंप पर तेल खत्म हो गया है। जबकि, 6 पंप पर डीजल उपलब्ध नहीं है।
हालांकि इसके लिए संबंध में कोई भी जिम्मेदार कुछ बताने को तैयार नहीं हैं। सूत्रों के अनुसार ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण ईरान ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल चोकप्वाइंट होर्मुज पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिसके कारण भारत में भी बहुत कम मात्रा में पेट्रोलियम से भरे जहाज आ रहे हैं।
डीजल-पेट्रोल की के लिए मारामारी की स्थिति नहीं बने इसके लिए सभी कंपनियां सतर्कता बरत रही है। लगातार दावा किया जा रहा है कि पर्याप्त मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ उपलब्ध हैं। लेकिन हकीकत में स्थिति यह है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर का सप्लाई बंद होने से कारोबार पर असर पड़ा है। रसोई गैस सिलेंडर के लिए मारामारी की स्थिति है।
डीजल और पेट्रोल के आपूर्ति में भी बाधा आई
वहीं अब पेट्रोलियम प्रोडक्ट डीजल और पेट्रोल के आपूर्ति में भी बाधा आई है। सूत्र बताते हैं कि बिहार में स्थित इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के डीपो से पहले मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में पंप को डीजल-पेट्रोल उपलब्ध कराए जाते थे। लेकिन 25 मार्च से सप्लाई का नियम बदल दिया गया है।
अब इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सभी डिपो से 3 लाख लीटर आपूर्ति किए जाने का नियम बनाए जाने से पेट्रोल पंपों का व्यवसाय प्रभावित हुआ है। वहीं, पहले डिमांड भेज देने पर अगले दिन आपूर्ति कर दी जाती थी। लेकिन अब पहले पेमेंट करना पड़ता है। उसके दो दिन के बाद ही आपूर्ति हो रही है।
इसका असर है कि जिलेभर में 20 से अधिक पेट्रोल पंप पर शनिवार से सोमवार तक पेट्रोल उपलब्ध नहीं था। वहीं, मंगलवार को भी करीब 10 से पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं था। 6 पंप पर डीजल उपलब्ध नहीं है। नाम नहीं बताने की शर्त पर एक पेट्रोल पंप मालिक ने बताया कि 5 दिन पहले पेमेंट किए जाने के बाद भी डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति नहीं हो रही है।
एक ओर लोगों को परेशानी हो रही है, तो वहीं हम लोगों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। एक पेट्रोल पंप मालिक ने बताया कि दो दिनों से आपूर्ति नहीं मिलने से बिक्री बंद है। युद्ध नहीं रुका तो हालत और बिगड़ी सकती है। इस संबंध में पेट्रोलियम कंपनी के प्रतिनिधि और पेट्रोल पंप संगठन से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन वह लोग कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।