जालंधर पुलिस ने लूटपाट और झपटमारी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों और 1 नाबालिग को अरेस्ट किया है। इनकी पहचान कुंदन शाह उर्फ कुंदन, जतिन कुमार उर्फ काकू, जशन मदिरा और उनके साथ शामिल एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने इनसे ग्रे कलर की चोरी की 2 एक्टिवा, 15 मोबाइल और 3 किरच, 1 दातर, 1 चाकू बरामद किए हैं। यह गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों जैसे लेदर कॉम्प्लेक्स, शिव नगर और मकसूदां में राहगीरों को डरा-धमकाकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस टीम ने बताया कि 28 मार्च को शिकायतकर्ता अनिल कुमार जब अपनी मोटरसाइकिल पर काम से लौट रहे थे तो नागरा रोड के पास 2 एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल पर सवार 5 युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने हथियारों के बल पर अनिल कुमार से मोबाइल और 2000 रुपए लूट लिए।
इसी गिरोह ने उसी समय एक अन्य मोटरसाइकिल चालक गुरविंदर सिंह पर भी हमला किया। जख्मी कर उससे मोबाइल व मोटरसाइकिल छीनने की कोशिश की। इन वारदातों के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए विशेष टीमें गठित कीं और 30 मार्च 2026 को छापेमारी कर इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस बोली-गिरोह के अन्य लोगों की भी कर रहे तलाश
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदातों में इस्तेमाल सामान बरामद किया है। थाना डिवीजन नंबर 1 में इन आरोपियों के खिलाफ FIR नंबर 98 और 99 दर्ज की गई है है। इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह और सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान इनसे पूछताछ की जाएगी ताकि शहर में हुई अन्य लूट की वारदातों का भी खुलासा हो सके। पुलिस इस गिरोह के बाकी संपर्कों की भी तलाश कर रही है।