रोहतक नगर निगम में कार्यरत विपिन नरवाल के बड़े भाई पैरा खिलाड़ी विकास नरवाल ने पैरा लॉन बॉल्स नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए। विकास नरवाल ने सिंगल्स व ट्रिपल्स इवेंट में मेडल जीतकर हरियाणा का नाम रोशन किया।
विपिन नरवाल ने बताया कि पैरा लॉन बॉल्स नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन गुवाहाटी असम में 25 से 28 मार्च तक किया गया, जिसमें देशभर से आए पैरा खिलाड़ियों ने भाग लिया। चैंपियनशिप में विकास नरवाल ने अपने उत्कृष्ट खेल, संयम व रणनीति का परिचय देते हुए 2 इवेंट में गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।
चाचा के घर रहकर की पढ़ाई
विकास नरवाल मूलरूप से गांव कथूरा सोनीपत के रहने वाले हैं, लेकिन पढ़ाई के लिए रोहतक में अपने चाचा के घर आकर रहने लगे। रोहतक में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बचपन से ही रूचि रही। पढ़ाई पूरी करके एक प्राइवेट कंपनी में एचआर विभाग में कार्यरत हैं।
शारीरिक चुनौतियों को नहीं आने दिया आड़े
विकास नरवाल एक किसान परिवार से संबंध रखते हैं। सीमित संसाधनों व शारीरिक चुनौतियों के बावजूद विकास ने कभी हार नहीं मानी और संघर्ष करते हुए खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई। विकास का जीवन आज युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है, जो यह सिखाता है कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी शुरू
विपिन नरवाल ने बताया कि विकास नरवाल की यह उपलब्धि उनके लिए केवल एक जीत नहीं, बल्कि देश के लिए कुछ कर दिखाने का एक कदम है। अब विकास नरवाल की नजर आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर है, जिसके लिए विकास कड़ी मेहनत कर रहे हैं, ताकि देश के लिए मेडल जीत सके।